बाराबंकी : नहर में उतराता मिला अज्ञात युवक का शव, पेट में बंधी थी रस्सी, हत्या कर फेंकने की आशंका
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। शारदा सहायक नहर में गुरुवार सुबह पानी में उतराता शव मिला, जिसके पेट में रस्सी बंधी हुई थी। शव करीब पांच दिन पुराना है जिसकी पहचान नहीं हो सकी। आशंका है कि हत्या करने के बाद शव पानी में डुबाने के इरादे से रस्सी से कोई भारी वस्तु बांध नहर में फेंका गया। शव से मिले मोबाइल के जरिए पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर सूरतगंज मार्ग पर ग्राम जरखा के पास शारदा सहायक नहर पुल के नीचे ग्रामीणों ने करीब 35 वर्षीय युवक का शव पानी में उतराता देखा। गुरुवार सुबह दिखे इस शव के बारे में सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक के पेट में बंधी रस्सी देखकर लोग स्तब्ध रह गए।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में मृतक के पास से बाइक की चाबी, एक मोबाइल फोन और 150 रुपये बरामद हुए। आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों के परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
इस संबंध में कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि शव करीब 5 से 6 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मोबाइल फोन के आधार पर पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।
