चारबाग के 80 होटल की चेकिंग, दस होटलों का लाइसेंस होगा रद्द
लापरवाही मिलने पर 15 से अधिक होटल को जारी होगा नोटिस
लखनऊ, अमृत विचार: चारबाग इलाके में गुरुवार को 80 से ज्यादा होटल की चेकिंग की गई। जांच के दौरान 15 होटलों में बड़ी लापरवाही मिली है। उक्त होटलों को नोटिस जारी की गई। वहीं, दस होटल में नियम पूरे नहीं होने पर उनका लाइसेंस रद करने के लिए पत्राचार करने की तैयारी नाका पुलिस ने कर ली है।
डीसीपी पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 80 से अधिक होटलों की जांच की गई। होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों और एंट्री रजिस्टर को देखा गया। इस दौरान करीब 15 से अधिक ऐसे होटल मिले, जहां न तो रजिस्टर में इंट्री थी और कैमरे लगे हुए थे। इसके चलते पुलिस ने होटल मालिक को नोटिस जारी किया। वहीं, दस होटल ऐसे भी पाए गए, जहां किसी भी तरह के मानक संबंधी कोई इंतजाम नहीं थे। ऐसे में इनका रजिस्ट्रेशन रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान डीसीपी मध्य विक्रांत वीर, एडीसीपी पश्चिम धनंजय कुशवाहा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
