माघ मेला 2026 का शुभारंभ: त्रिवेणी संगम पर आस्था की बाढ़, लाखों श्रद्धालु लगा रहे पवित्र डुबकी, सीएम योगी ने दी हार्दिक शुभकामनाएं
प्रयागराज: माघ मेला 2026 का आगाज हो गया है। पौष पूर्णिमा के साथ संगम तट पर पहले स्नान पर्व की शुरुआत हुई और सुबह से ही त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लाखों भक्त आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। मेला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जबकि अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
1.png)
प्रशासन अलर्ट मोड पर: मंडलायुक्त ने ली व्यवस्थाओं की जानकारी
स्नान पर्व के दौरान मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचीं और श्रद्धालुओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सभी भक्तों को व्यवस्थाएं बेहद सुविधाजनक लग रही हैं और वे आराम से स्नान कर रहे हैं। सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं तथा सब कुछ सामान्य चल रहा है। उन्होंने कामना की कि मां गंगा सभी को आशीर्वाद दें और माघ मेला सभी के लिए मंगलमय हो।
1.png)
सीएम योगी की विशेष शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा, "श्रीगंगादेव्यै नमः! माघ मेला के शुभारंभ और पावन पौष पूर्णिमा पर सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। संगम में डुबकी लगाने आए सभी संतों, धर्माचार्यों, अखाड़ों और कल्पवासियों का स्वागत है। मां गंगा, यमुना और सरस्वती सभी की मनोकामनाएं पूरी करें।"
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2007251565523173811?s=20
आज 20-30 लाख भक्तों की उम्मीद, कल्पवास की शुरुआत
मेला प्रशासन के अनुसार, पौष पूर्णिमा पर 20 से 30 लाख श्रद्धालु संगम स्नान करेंगे। इसी के साथ कल्पवासियों का एक माह का कल्पवास भी शुरू हो गया है। इस बार 10,000 फुट क्षेत्र में 10 स्नान घाट तैयार किए गए हैं, जो पिछले वर्ष के 8,000 फुट से अधिक हैं। पहली बार सीएम योगी ने माघ मेले के लिए विशेष लोगो जारी किया है। साथ ही, बिजली विभाग का 'मेला सेवा ऐप' लॉन्च हुआ, जहां क्यूआर कोड स्कैन कर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
आस्था का यह पर्व प्रयागराज को दिव्य प्रकाश से जगमगा रहा है, जहां हर तरफ जयकारों की गूंज और भक्ति का माहौल है।
