स्मार्ट प्रीपेड मीटर का बैलेंस हुआ नेगेटिव, तो अपने आप कटेगी बिजली...पावर कॉरपोरेशन ने दी उपभोक्ताओं को चेतावनी
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर धारकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके खाते का बैलेंस नेगेटिव हुआ तो बिजली आपूर्ति किसी भी समय बंद हो सकती है। पावर कॉरपोरेशन के निदेशक (वाणिज्य) प्रशांत वर्मा ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को उनके बिजली बिल और बैलेंस की जानकारी एसएमएस के माध्यम से लगातार भेजी जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते रिचार्ज कराएं और यह सुनिश्चित करें कि उनके खाते का बैलेंस नेगेटिव न होने पाए। बैलेंस नेगेटिव होने की स्थिति में सिस्टम के जरिए बिजली आपूर्ति स्वतः कट सकती है।
निदेशक वाणिज्य ने यह भी बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को गलत मोबाइल नंबर अपडेट होने के कारण बिजली बिल या बैलेंस संबंधी सूचना नहीं मिल रही है, तो वे टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर सकते हैं या अपने संबंधित डिवीजन के काउंटर पर जाकर मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं। कॉरपोरेशन के अनुसार, प्रदेश में अब तक लगभग 60 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 48 लाख उपभोक्ता प्रीपेड सुविधा का उपयोग कर रहे हैं। प्रीपेड मीटर में बैलेंस कम होने पर उपभोक्ताओं को पहले ही सूचित किया जाता है और बैलेंस समाप्त होने के बाद भी उन्हें तीन दिन की अतिरिक्त मोहलत दी जाती है।
नियमों के अनुसार, शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक, इसके अलावा रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाता है। इसके बावजूद पावर कॉरपोरेशन ने उपभोक्ताओं से सतर्क रहने और समय पर रिचार्ज कराने की अपील की है, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
