एमआई एमिरेट्स की धमाकेदार जीत... 7 विकेट से हराकर की फाइनल में मारी एंट्री

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मुंबईः इंटरनेशनल लीग टी20 के दूसरे क्वालीफायर में 2 जनवरी को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में एमआई एमिरेट्स ने अबू धाबी नाइट राइडर्स को पूरी तरह से धूल चटाई। कैरन पोलार्ड की अगुवाई वाली एमआई एमिरेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया और फाइनल का टिकट कटा लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवर में सिर्फ 120 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में एमआई ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

गेंदबाजों का जलवा: गजनफर और साथियों ने मचाया कहर

एमआई एमिरेट्स के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया। युवा स्पिनर अल्लाह गजनफर ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 24 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा मुहम्मद रोहिद खान और फजलहक फारूकी ने भी शानदार प्रदर्शन किया, दोनों ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। नाइट राइडर्स की टीम एक समय आधी पारी गंवाकर 99 रन पर संघर्ष कर रही थी। अलिशान शराफू ने नाबाद 50 रन (40 गेंद) बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, जबकि एलेक्स हेल्स ने 29 रनों का योगदान दिया।

बल्ले से बैंटन का धमाल, शाकिब ने निभाई अहम भूमिका

121 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई एमिरेट्स की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाती हुई। आंद्रे फ्लेचर 6 रन पर और मुहम्मद वसीम 36 के स्कोर पर आउट हो गए। लेकिन यहां से विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम बैंटन और अनुभवी शाकिब अल हसन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 53 गेंदों पर 82 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की। बैंटन ने 53 गेंदों में शानदार 63 रन ठोके, जिसने टीम को जीत की राह पर ला दिया।

दूसरी ट्रॉफी की तलाश में एमआई, वाइपर्स से होगा फाइनल मुकाबला

पोलार्ड की कप्तानी में एमआई एमिरेट्स ने दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले उन्होंने लीग के दूसरे सीजन में खिताब अपने नाम किया था। अब फाइनल में उनका सामना डेजर्ट वाइपर्स से होगा, जो तीसरी बार फाइनल खेल रही हैं लेकिन अभी तक एक भी ट्रॉफी नहीं जीत पाई हैं। क्या इस बार एमआई दोहराएगी इतिहास? फाइनल का इंतजार सभी को बेसब्री से है!

संबंधित समाचार