वरुण धवन की देशभक्ति भरी दहाड़, बीएसएफ जवानों संग बोले- 'भारत हर खतरे का करारा जवाब देने में सक्षम'

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबईः सनी देओल स्टारर फिल्म बॉर्डर 2 का पहला गाना घर कब आओगे हाल ही में राजस्थान के जैसलमेर में लॉन्गेवाला-तनोट इलाके में धूमधाम से लॉन्च किया गया। इस इवेंट में बीएसएफ जवानों की मौजूदगी ने माहौल को और भी देशभक्तिपूर्ण बना दिया। गाने के लॉन्च के दौरान अभिनेता वरुण धवन ने देश की ताकत पर जोरदार बयान दिया और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए पड़ोसी देशों को स्पष्ट संदेश दे डाला।

बचपन का सपना पूरा हुआ

वरुण धवन ने इवेंट में खुलासा किया कि 1997 में रिलीज हुई मूल फिल्म बॉर्डर देखने के बाद उन्होंने ठान लिया था कि एक दिन वह भी फौजी का किरदार निभाएंगे। उस फिल्म ने न सिर्फ उन्हें बल्कि पूरे देश को भावुक कर दिया था और युवाओं में सेना जॉइन करने का जज्बा जगाया था। वरुण ने कहा, "मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि बॉर्डर 2 का हिस्सा बनूंगा और इस आइकॉनिक गाने में शामिल होऊंगा।"

ऑपरेशन सिंदूर पर जोरदार बयान

स्टेज पर ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर्स देखकर वरुण भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "हमारा देश शांति, अमन और प्यार का प्रतीक है, लेकिन कभी-कभी बॉर्डर जैसी फिल्में जरूरी हो जाती हैं। ये युवा पीढ़ी को याद दिलाती हैं कि हमारे देश में वो हिम्मत, जज्बा और ताकत है कि अगर कोई हमारी धरती पर आंख उठाकर देखेगा, तो हम उसे मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम हैं।" उनके इस बयान पर मौजूद जवानों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

जवानों के साथ मस्ती और डांस

इवेंट का सबसे यादगार पल तब आया जब बीएसएफ जवान गाने पर परफॉर्म करने लगे। उन्होंने सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी को स्टेज पर खींच लिया और तीनों स्टार्स जवानों के साथ जमकर ठुमके लगाते नजर आए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

बॉर्डर 2, 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। गाना घर कब आओगे मूल संदेशे आते हैं का रीक्रिएटेड वर्जन है, जिसमें सोनू निगम, अरिजीत सिंह, विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ की आवाजें हैं। यह गाना जवानों की कुर्बानी और परिवार की याद को बेहद भावुक तरीके से पेश करता है। फैंस का इंतजार अब फिल्म की रिलीज तक और बढ़ गया है।

संबंधित समाचार