म्यूजियम ऑफ इंडियन टेंपल की स्थापना का मार्ग प्रशस्त, एडीए की बैठक में सर्व सम्मति से दी गई स्वीकृति
अयोध्या, अमृत विचार: कमिश्नर राजेश कुमार की अध्यक्षता में अयोध्या विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में अयोध्या महायोजना-2031 में शासन से उठाई गई आपत्तियों के निराकरण को लेकर प्रस्ताव रखा गया। माझा जमथरा में वैदिक वेलनेश सेन्टर/ म्यूजियम ऑफ इण्डियन टेम्पल की स्थापना के लिए शासन से उठाई गई। आपत्तियों का निराकरण करते हुए सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई है।
शासन से उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधियों-2025 में संशोधनों को जारी शासनादेश को बोर्ड से अंगीकार किए जाने का फैसला लिया गया। विकास प्राधिकरणों एवं आवास विकास परिषद की कास्टिंग के लिए शासन से जारी आदर्श गाइड लाइन को भी स्वीकार कर लिया गया। प्राधिकरण के वित्तीय वर्ष-2025-26 के बजट में कतिपय मदों के पुर्नविनियोग के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
शासन से विकास शुल्क के लिए जारी शासनादेश के अनुसार अयोध्या के लिए निर्धारित 755 रुपये/- प्रति वर्ग मी की दर से लिए जाने के लिए शासनादेश को अंगीकृत किया गया। महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, डीएम निखिल टी. फुण्डे, उपाध्यक्ष अनुराग जैन, सचिव हेम सिंह, अधिशासी अभियन्ता सरयू नहर खण्ड, सिटी मजिस्ट्रेट गोंडा, सहयुक्त नियोजक अयोध्या, गजेन्द्र सिंह एडी अयोध्या, शासन से नामित सदस्य परमानन्द मिश्र, कमलेश श्रीवास्तव सहित अन्य थे।
