ICSI CS Result : सिद्रा ने पूरा किया मां का सपना, वैभव शहर में ही करेंगे प्रैक्टिस, कंपनी सचिव का परीक्षा परिणाम घोषित
कानपुर, अमृत विचार। कंपनी सचिव परीक्षाओं का परीक्षा परिणाम बुधवार को जारी हुआ। परीक्षा परिणामों में दिसंबर महीने में हुई परीक्षा में ग्रप वाइज परिणाम जारी हुए। इनमें प्रोफेशनल और एक्जिक्यूटिव दोनो ही शामिल रहे। प्रोफेशनल प्रोग्राम में मॉड्यल वन का परीक्षा परिणाम 31.82 व मॉड्यूल टू का परीक्षा परिणाम 24.06 फीसदी रहा।
इसी तरह एक्जिक्यूटिव प्रोग्राम में ग्रुप वन का 22 फीसदी व ग्रुप टू का परीक्षा परिणाम 23.05 फीसदी रहा। परीक्षा पास कर सीएस बनने वाले मेधावियों में सिद्रा ने अपनी बहन के साथ बेहतर प्रदर्शन कर अपनी मां का सपना पूरा किया। इसी तरह वैभव ने ठाना कि वे हमेशा शहर में ही रहकर अपनी प्रैक्टिस जारी रखेंगे।
परीक्षा परिणामों के बारे में पूर्व चेरयमैन कानपुर चैप्टर रीना जाखोदिया ने बताया कि प्रोफेशनल प्रोग्राम परीक्षा में शहर में 240 युवाओं ने परीक्षा दी थी। इनमें 67 युवा पास हुए। इनमें 35 युवा पहले मॉड्यूल व 18 युवा दूसरे मॉड्यूल में शामिल रहे। इसी तरह एग्जिक्यूटिव में 502 युवा परीक्षा में बैठे जिनमें 113 युवा पास हुए। इस दौरान चेयरमैन कानपुर चैप्टर सीएस आशीष बंसल ने बताया कि अगली कंपनी सचिव परीक्षा प्रोफेशनल और एक्जिक्यूटिव प्रोग्राम 1 जून को आयोजित की जाएंगी।
दो बहनों ने मारी बाजी
कंपनी सचिव परीक्षा में इस बार दो सगी बहनों ने एक साथ बाजी मारी है। उन्होंने बताया कि उन्न्होंने यह मुकाम हासिल कर अपनी मां शबनम परवीन का सपना पूरा किया है। परीक्षा में सीएस बनी सिद्रा जीशान और युसरा जीशान ने एक्जिक्यूटिव की परीक्षा पास की है। आंसमंडी में रहने वाली दोनो बहनों ने बताया कि उनके पिता जीशान एक व्यापारी है। उनकी मां का यह सपना था कि दोनो बहने सीएस बनकर अपने परिवार का नाम रौशन करे। बताया कि वह सपना अब पूरा हो गया है। सिद्रा अब जॉब के बजाए खुद की प्रेक्टिस करेंगी।
शहर में भी हो सकती तरक्की
परीक्षा में सीएस बने वैभव गोकलानी ने बताया कि वे तरक्की के लिए शहर नहीं छोड़ सकते। उन्होंने बताया कि उनका मानना है कि कानपुर में भी बड़े शहरों की ही तरह बहुत से अवसर है। जरूरी है उन अवसरों को पहचानने की। बर्रा निवासी वैभव अब शहर में ही रहकर नौकरी करेंगे। फिलहाल उनके पास जॉब ऑफर भी मौजूद हैं। उनका यह भी मानना है कि बड़े शहरों में भीड़ में खो जाने से बेहतर अपने शहर में ही नाम कमाया जाए। वैभव अपनी मां किरन गोकलानी के साथ रहते हैं। उनके पिता का देहांत 2018 में हुआ था। उन्होंने 2018 में ऑल इंडिया रैंकिंग 5 हासिल की थी।
टॉपर बने तुषार
कंपनी सचिव परीक्षा में तुषार मिश्रा ने ऑल इंडिया 13वीं रैंक लाकर एक्जिक्यूटिव परीक्षा पास की है। शिवाला निवासी तुषार ने बताया कि उन्होंने इससे पहले एसएससी सीजीएल की भी परीक्षा दी थी। उन्होने बताया कि 2019 में वे सीए परीक्षा भी क्वालिफाई कर चुके हैं बावजूद इसके सीएस की ओर रुझान अधिक होने से वे इस ओर मुड़ गए। सीए परीक्षा का भी अनुभव उन्हें इस परीक्षा में मिला। यही वजह रही कि अपने पहले ही प्रयास में वे एक्जिक्यूटिव परीक्षा पास करने वाले बने। तुषार पिता अजय मिश्रा व मां कामिनी मिश्रा को अपना आदर्श बताया है।
