बाराबंकी : विधानसभा सदर में सबसे ज्यादा कटे वोटरों के नाम, दरियाबाद के सबसे ज्यादा मतदाताओं ने नहीं जमा किए फार्म

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

एसआईआर का दूसरा चरण शुरू, फिर से घर घर जाएंगे बीएलओ

बाराबंकी, अमृत विचार। एसआईआर के पहले चरण का कार्य पूरा हो गया है। जिले की सभी छह विधानसभाओं में 3.73 लाख मतदाताओं केनाम सूची से हटा दिए हैं। इनमें सबसे ज्यादा नाम बाराबंकी विधानसभा के हैं। इस विधानसभा से समाजवादी पार्टी से सुरेश यादव लगातार तीन बार विधायक चुने गए। भारी संख्या में मतदाताओं के नाम कटने से इस सीट पर सबसे ज्यादा नुकसान सपा को हो सकता है। इसके लिए एसआईआर के दूसरा चरण शुरू होते ही सपा के पदाधिकारी बूथ-बूथ पहुंच छूटे मतदाताओं से संपर्क कर उनका फार्म भरवाने में मदद कर रहे हैं।

जिले में 23 लाख 31 हजार 649 मतदाताओं का नाम चुनाव आयोग की साइड पर सभी छह विधानसभाओं में दर्ज थे। गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के पहले चरण में बीएलओ ने घर घर जाकर मतदाताओं का सर्वे कर फार्म वितरण किया। पहले चरण में 19 लाख 58 हजार 495 मतदाताओं के फार्म डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हुआ। वहीं विभिन्न कारण जैसे मृतक, मौके पर न मिलने, दूसरी जगह रहने, अलग अलग स्थानों पर दर्ज होने या फिर अन्य कारणों से न मिलने वाले ऐसे 3 लाख 73 हजार 175 लोगों के नाम सूची से डिलीट कर दिए गए। नाम कटने वाले मतदाता सबसे ज्यादा विधानसभा सदर के 90 हजार 740 वोटर शामिल हैं। यह सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ है। इस सीट से लगातार तीन बार से सपा के धर्मराज यादव सुरेश विधायक चुने जा रहे हैं।

एसआईआर में इस विधानसभा सीट से 90 हजार 740 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने पर लोगों का कहना है कि सपा के गढ़ में चुनावी गणित बिगड़ सकती है। हालांकि जनप्रतिनिधि इन आंकड़ों के सहारे खुद को फायदा और दूसरे दलों के नुकसान के कयास लगाने में जुटे हुए हैं। बता दें कि पिछले चुनाव में ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं के नाम शहर में जोड़वाए गए थे। इन मतदाताओं के नाम कटने से सपा और मजबूत होगी। सभी बूथों पर कार्यकर्ता लगे हैं जो छूटे मतदाताओं के फार्म भरवाकर जमा करा रहे हैं। वहीं विधानसभा कुर्सी में 52 हजार 731, रामनगर में 54 हजार 414, जैदपुर में 61 हजार 807, दरियाबाद में 62 हजार 17 और हैदरगढ़ में 51 हजार 466 नाम काटे गए हैं।

86 हजार 144 वोटरों को नोटिस जारी

एसआईआर के पहले चरण में फार्म वितरण करने के बाद 86 हजार 144 मतदाताओं ने बीएलओ को फार्म वापस नहीं किए जिससे इनकी मैपिंग नहीं हो पाई। अब इन मतदाताओं को नोटिस जारी की जा रही है। इसके लिए 106 पर्यवेक्षक व 285 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। सभी 2845 बीएलओ को सुपरवाइजरों ने नोटिस सौंप दी है। बीएलओ चिन्हित उक्त मतदाताओं को नोटिस वितरण कर रहे हैं। प्रत्येक पर्यवेक्षक को एक हजार मतदाताओं के फार्मों को जमा करवाकर मैपिंग कराने का लक्ष्य 30 दिन में पूरा करने को दिया गया है। जिन मतदाताओं को नोटिस मिली है वह 11 तरह के पहचान पत्रों में किसी एक पहचान पत्र को साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत कर अपना नाम जोड़वा सकते हैं।

30 जनवरी तक चलेगा फिर महाअभियान

गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) का प्रथम चरण बीते शुक्रवार को पूर्ण कर लिया गया। आखिरी दिन बीएलओ बंद घरों को फिर से खटखटाया, लेकिन उन्हें फार्म नहीं मिले। दूसरा चरण मंगलवार से शुरू हो गया जो 30 जनवरी तक चलेगा। इसमें ऐसे लोगों का नाम जोड़ा जाएगा, जो मतदाता बनने से अब तक छूटे हुए थे या जनवरी 2026 में 18 वर्ष पूर्ण होने वाले युवाओं को वोटर बनाया जाएगा। इस महाअभियान में विशेष कैंप भी बूथों पर आयोजित होंगे।

पहले चरण में 83.96 प्रतिशत डिजिटाइजेशन। मैपिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। डिलीट होने वाले लगभग 16.04 प्रतिशत वोटर हैं, जिनमें अनुपस्थित, मृतक, शिफ्टेड और डुप्लीकेट शामिल हैं। 1.76 लाख ऐसे लोग हैं, जो दूसरी जगहों पर शिफ्ट हो गए हैं, इनका नाम दो जगहों पर आ रहा है। यह संबंधित बूथ पर अभी तक प्रपत्र नहीं दिया है। सत्यापन में पता चला है कि कोई विदेश चला गया, तो कोई राज्य या देश के विभिन्न जनपदों में निवासित हो चुके हैं। 71 हजार 418 मृतक चिह्नित हुए हैं। 91 हजार लोग अनुपस्थित हैं। 27 हजार 851 लोग बूथ से दूसरी जगहों पर पंजीकृत पाए गए हैं।

जिले में विधानसभा वार मतदाताओं पर एक नजर

विधानसभा         कुल वोटर           डिजिटाइजेशन
कुर्सी               404531            351800
रामनगर            348534             294122
बाराबंकी           404012            313286
जैदपुर              405479            343674
दरियाबाद           418507            356491
हैदरगढ़            350586            299122

प्रथम चरण में डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिसमें 3.73 हजार मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से डिलीट हो चुके हैं। दूसरा चरण छह जनवरी से शुरू हो गया है जो 30 जनवरी तक चलेगा। इसमें नये, पुराने मतदाता जोड़े जाएंगे। संशोधन, विलोपन का कार्य भी होगा... निरंकार सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।

संबंधित समाचार