बार चुनाव : मनोज हरित दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित, सचिव पद की मतगणना रुकी
विधि संवाददाता, बरेली। वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज हरित बरेली बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव में दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी ज्वाला प्रसाद गंगवार को 123 वोटों से हराया। मंगलवार की देर रात तक चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। मनोज हरित के विजयी घोषित होते ही समर्थकों ने कचहरी पर आतिशबाजी संग ढोल नगाड़े से जश्न मनाना शुरू कर दिया।
जश्न मनाने के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों के एकत्र होने पर सचिव पद की मतगणना ठप हो गयी। इससे चुनाव मंडल को सचिव पद की मतगणना रोकनी पड़ी। चुनाव मंडल के आग्रह पर भी मनोज हरित के समर्थकों की भीड़ कम नहीं हुई। अब सचिव पद के शेष मतों की गणना बुधवार को कराई जाएगी।
कड़ी पुलिस सुरक्षा में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे से बार सभागार में चुनाव मंडल ने 21 पदों की मतगणना शुरू करायी। देर रात अध्यक्ष पद के आए परिणाम के अनुसार मनोज हरित ने ज्वाला प्रसाद को 123 मतों से हराया। मनोज हरित को 929, ज्वाला प्रसाद गंगवार को 806, अनिल द्विवेदी को 345, अमित बिसारिया को 184, रविंद्र सिंह चौहान को 110, अजय कुमार निर्मोही को 24 मत प्राप्त हुए।
वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर में जयपाल सिंह ने अपने करीबी प्रतिद्वंदी अनुपम अग्रवाल को 21 वोटों से शिकस्त दी। जयपाल को 728 और अनुपम अग्रवाल को 707 मत प्राप्त हुए। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 514 वोटों से रजत मोहन ने प्रतिद्वंद्वी मो. नसीम सैफी को हराया। रजत को 1059 और नसीम को 515 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर हुलासी राम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अमित कुमार सिंह को 50 वोटों से हराया। हुलासी को 565 और अमित को 515 मत प्राप्त हुए।
संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर 881 मत पाकर शांतनु मिश्रा विजयी रहे। उन्होंने रीना को 438 वोटों से मात दी। रीना को 443 मत प्राप्त हुए। संयुक्त सचिव पुस्तकालय के पद पर सौरभ अग्निहोत्री 19 वोट से विजयी घोषित हुए, उन्हें 728 मत प्राप्त हुए। दूसरे नंबर पर प्रेरणा सिंह को 709 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर धर्मवीर सिंह ने प्रतिद्वंदी ललित कुमार सिंह को 267 वोटों से शिकस्त दी। धर्मवीर को 717 और ललित को 450 मत प्राप्त हुए। संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर रोहित कुमार ने प्रतिद्वंद्वी मो. आमिर को 234 वोटों से हराया। रोहित कुमार को 568 व आमिर को 334 मत प्राप्त हुए।
वरिष्ठ कार्यकारिणी के छह पदों पर 12 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था, जिसमें से 6 प्रत्याशी विजयी घोषित हुए। दीप्ति सक्सेना 938, अजय मौर्य 759, नाजमा परवीन 738, आदित्य सक्सेना 710, गायत्री 680, लोकनाथ 653 मत प्राप्त कर विजयी घोषित किए गए। कनिष्ठ कार्यकारिणी के छह पदों पर 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जिसमें से हेमंत सिंह 713, पूजा जगवानी 694, विनीत प्रकाश 684, रवि कर यादव 584, राहुल कुमार मध्यम 551, रोहित गंगवार 532 वोट पाकर विजयी हुए।
मतगणना के दौरान पोलिंग एजेंट व समर्थक में हुई हाथापाई
बरेली: बरेली बार के चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की मतगणना के दौरान पोलिंग एजेंट व एक प्रत्याशी के समर्थक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों में हाथापाई भी हुई। इस दौरान वहां तनाव की स्थिति बन गयी। पुलिस भी सक्रिय हो गयी। चुनाव मंडल ने किसी तरह दोनों में बीच बचाव कराकर मामला शांत कराया।
प्रत्याशियों की जीत पर समर्थकों ने मनाया जश्न, आतिशबाजी
बरेली: अध्यक्ष पद पर मनोज हरित की जीत पर समर्थकों ने उन्हें फूलमालाओं से लाद कर गोद में उठा लिया। ढोल नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए समर्थक उन्हें लेकर चुनाव मण्डल के पास पहुंचे। मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव जयपति, चुनाव अधिकारी आनंद रस्तोगी ने मनोज हरित को प्रमाण पत्र सौंपा। बम फोड़े व जमकर आतिशबाजी से देर रात 11 बजे आसमान भी सतरंगी हो गया।
वकीलों की भीड़ से हुई अव्यवस्था, आज होगी सचिव पद की मतगणना
अध्यक्ष पद पर मनोज हरित के विजयी घोषित होने पर समर्थक ढोल नगाड़े के बीच आतिशबाजी छोड़कर जश्न मनाने लगे। इस बीच सचिव पद के मतगणना काउंटर पर काफी भीड़ एकत्रित हो गयी। चुनाव मण्डल व प्रत्याशियों के अनुरोध के बाद भी भीड़ नहीं हटी। इस दौरान अव्यवस्था होने पर मतगणना रोक दी गयी। देर रात 11.15 बजे वकीलों की भारी भीड़ मतगणना काउंटर पर एकत्रित हो गई थी। चुनाव मण्डल ने मतपत्र उठवाकर स्ट्रांग रूम में रखवा दिये। सीओ पंकज कुमार ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में फोर्स तैनात कर दी। आठ बूथों में से सात बूथों की पेटियों की काउंटिंग हो चुकी थी। सिर्फ एक पेटी के वोट गिनने शेष रह गए। अंतिम क्षणों में अव्यवस्था से मतगणना नहीं हो सकी। चुनाव मंडल ने एक पेटी को स्ट्रांग रूम में रखकर सील लगा दी है।
