महोबा में प्राचीन मंदिर से राम जानकी की प्रतिमा चोरी, सूचना पर गांव में हड़कंप
महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक प्राचीन मंदिर से तीन बेशकीमती मूर्तियां चोरी कर लीं। पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि पुरवा पनवाड़ी गांव स्थित राम जानकी मंदिर में मध्यरात्रि के आसपास वारदात को अंजाम दिया गया। मंदिर के पुजारी रमेश बाबा के अनुसार, वह शयन आरती के बाद मंदिर में ताला बंद कर अपने घर चले गए थे।
शनिवार सुबह जब वह नियमित रूप से पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो दरवाजे के ताले टूटे मिले और मंदिर में स्थापित राम, जानकी एवं लक्ष्मण की मूर्तियां गायब थीं। घटना की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
पुलिस के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि चोरी हुई मूर्तियां डेढ़ से दो फीट ऊंची, पीतल निर्मित थीं, जिन्हें लगभग 25 वर्ष पूर्व स्थापित किया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
