SOG का बड़ा एक्शन: 500 करोड़ की जीएसटी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के चार सदस्य अरेस्‍ट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सीतापुर, अमृत विचार: 20 राज्यों में 1221 फर्मों के सहारे लगभग 500 करोड़ की जीएसटी चोरी में निरुद्ध चार अंतरराज्यीय शातिरों को सीतापुर पुलिस ने दबोचा। एसओजी टीम ने आरोपियों के कब्जे से दो लाख से अधिक नकदी, हीरों की अंगूठियां, गहने, कार, मोबाइल, सिम आदि बरामद किये है। अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक, डीजीपी के निर्देश पर प्रदेश में गठित एसआईटी टीम ने अलग-अलग जनपदों में कुल 118 मुकदमें दर्ज किए। सीतापुर शहर और उसके आसपास फर्जी कंपनी बनाकर लाखों के वारेन्यारे हुए। 

इसको लेकर में कोतवाली नगर और देहात में केस दर्ज हुआ। आईजी रेंज लखनऊ किरन एस. के निर्देश पर एसपी अंकुर अग्रवाल ने जांच की जिम्मेदारी एसओजी टीम को सौंपी। टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर सतेंद्र विक्रम सिंह ने सर्विलांस और मुखबिर की मदद से पड़ताल की तो पता चला कि जीएसटी चोरी करने वाले गिरोह का नेटवर्क उप्र सहित 20 राज्यों में है और इन लोगों ने 1221 फर्मों के सहारे 500 करोड़ से अधिक जीएसटी चोरी की। 

सटीक सूचना पर आगरा जनपद के थाना सैंया के चौकी दारगी स्थित मोहल्ला सैंया निवासी गैंग सरगना सोना उर्फ आशीष, थाना सम्साबाद के बड़ा गांव इगलासपुर निवासी कुलदीप सिंह, थाना शाहगंज के नंगला कड़ेरू नरीपुरा निवासी विवेक कुमार और उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जनपद स्थित थाना रामनगर के भरतपुरी निवासी सूरज रावत को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो लाख से अधिक की नकदी, हीरों की दो अंगूठिया, सोने की चेन, कार, मोबाइल, सिम आदि बरामद किया गया। गैंग सरगना सोना की प्रेमिका अल्मोड़ा की अंजली आदि का पकड़ा जाना बाकी है। 

इन राज्यों में की गई है जीएसटी चोरी

तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उप्र सहित अन्य जनपदों में एक हजार से अधिक जीएसटी की फर्जी फर्में बनाकर आईटीसी की चोरी की गई है।

ये भी पढ़ें :
मथुरा पुलिस का सख्त रुख, ब्रज की होली को बदनाम किया तो यूट्यूबर्स पर होगी कार्रवाई,सोशल मीडिया पर हो रही निगरानी  

संबंधित समाचार