ऑनलाइन खरीदारी से छोटे व्यापारियों पर संकट : जयदीप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार : शहर के सत्यप्रेमीनगर मोहल्ले में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष जयदीप सिंह सिद्धू ने ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन मार्केटिंग के कारण छोटे दुकानदारों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और कई व्यापारी दुकान का किराया तक निकाल पाने में असमर्थ हैं। 

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म सुविधा का दावा करते हैं, लेकिन आपात स्थिति या देर रात आवश्यकता होने पर असमर्थ हो जाते हैं, जबकि मोहल्ले का छोटा दुकानदार व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर हर समय मदद को तैयार रहता है। उन्होंने बताया कि होली जैसे बड़े त्योहार से पहले भी बाजारों में अपेक्षित रौनक नहीं है और लगभग 60 प्रतिशत लोग ऑनलाइन खरीदारी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार मंदी की चपेट में है।

जयदीप सिंह सिद्धू ने आम जनता से अपील की कि पिचकारी, रंग, नमकीन और रोजमर्रा के आवश्यक सामान के लिए अपने आसपास की दुकानों से ही खरीदारी करें। संगठन के महामंत्री भूपेंद्र शुक्ला ने बताया कि 15 मार्च से जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें लोगों से स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने की अपील की जाएगी। पत्रकार वार्ता में नगर अध्यक्ष मन्नूलाल चौरसिया, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जायसवाल, अतुल गुप्ता, अजय गुप्ता सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : काशी : महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर खेली गई चिता भस्म की होली

संबंधित समाचार