Moradabad: मावा व अन्य खाद्य पदार्थों की खरीदारी में लोग कर रहे सावधानी
मुरादाबाद, अमृत विचार। होली के लिए बाजार सजे हैं। रंग बिरंगी व डिजाइनर पिचकारियां, रंग गुलाल व पकवान की दुकान पर भीड़ है। वहीं किराना की दुकानों पर होली पर पकवान बनाने के लिए सूजी, मैदा, देशी घी, रिफाइंड, ड्राई फ्रूट व मसालों आदि की खरीदारी तेज हो गई है। चार मार्च को होली है इसके चलते लोग देर शाम तक खरीदारी कर रहे हैं।
इस बार भी परंपरागत उल्लास से होली मनाने के लिए लोग जुटे हैं। बच्चों व युवाओं में उत्साह अधिक है। बच्चे कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारी के अलावा गन और बैलून भी खरीद रहे हैं। जिसमें रंग भरकर दूसरों पर फेंक सकें। वहीं मुखौटे का भी क्रेज अधिक दिख रहा है। गुरहट्टी, गंज बाजार, टाउनहाल पर अन्य सामग्री की खरीदारी के अलावा कपड़ों की दुकानों व रेडीमेड शॉप पर ग्राहकों की संख्या अधिक है। शुक्रवार को पूरे दिन बाजार में चहल पहल रही।
महिलाएं अपने व परिवार के सदस्यों के लिए नये कपड़ों के साथ ही गुझिया बनाने के लिए भी सामग्री खरीदने में जुटी रहीं। हरथला, नवीनगर, बुद्धि विहार व अन्य बाजारों में भी ग्राहकों की भीड़ दुकानों पर रही। ब्रांडेड शोरूम में भी देर रात तक ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। जिससे दुकानदारों के चेहरे पर चमक अधिक दिख रही है। दुकानदारों का कहना है इस बार ग्राहक नये ट्रेंड पर अधिक जोर दे रहे हैं। चाहे कपड़े खरीदना हो या अन्य सामग्री सभी में लोग पंसद को तवज्जो दे रहे हैं। हालांकि खरीदारी में लोग मिलावट व सामान की गुणवत्ता आदि का भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।
