यूपी में रेल यात्रा अब और सुरक्षितः हर दिन 30 लाख यात्रियों की चुनौती से निपटने को तैयार GRP... नया लोगो लॉन्च, 'अंकुश' कार्यशाला में उभरती चुनौतियों पर गहन मंथन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि प्रदेश में रेलवे का बड़ा नेटवर्क है। रेलवे ट्रैक की लंबाई 16,000 किमी और 1,550 स्टेशन हैं। प्रतिदिन रेलवे में 30 लाख लोग यात्रा करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा करना जीआरपी के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

डीजीपी शनिवार को पुलिस पुलिस मुख्यालय के सभागार में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की ओर से आयोजित रेलवे सुरक्षा एवं संरक्षा–उभरती चुनौतियां, विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला “अंकुश” में बोल रहे थे। इस दैरान उन्होंने जीआरपी के “लोगो” (प्रतीक चिन्ह) का भी लोकार्पण किया। प्रतीक चिन्ह पर जीआरपी यूपी लिखा गया है। उन्होंने कहा कि जीआरपी प्रदेश में छह अनुभाग और 65 थानों में विभाजित है। इस अवसर पर उन्होंने जीआरपी के सभी अधिकारियों शुभकामनाएं देते हुए 'सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा' के संकल्प को दोहराया।

एडीजी (जीआरपी) प्रकाश डी. ने कहा कि राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा जहां यात्रियों की सुरक्षा की जा रही है, वहीं त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन, मिशन शक्ति अभियान, अपराध नियंत्रण, ट्रेनों पर होने वाले पथराव के साथ ही महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन कराने में रेलवे स्टेशनों पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की गई। गोष्ठी को आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त देवांश शुक्ला, प्रयागराज के एसपी प्रशांत वर्मा, सहायक आयुक्त राजीव रंजन, एटीएफ के एडीशनल एसपी विशाल विक्रम सिंह, एनसीबी के जोनल डायरेक्टर शैलेन्द्र कुमार और मदर फाउंडेशन के राजेश मणि ने भी संबोधित किया। इस दौरान आईजी आरके भारद्वाज, एन. कोलांची, एडीशनल एसपी अनिल कुमार आदि अधिकारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार