लखनऊ : कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी मिलेगा आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज
लखनऊ, अमृत विचार : जल्द ही आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों का नि:शुल्क इलाज दिया जा रहा है। अब शेष 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों से स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) एमओयू साइन करेगी।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने शनिवार को बताया कि जनवरी 2026 से प्रयागराज में कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी सहित गंभीर बीमारियों का इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। मरीजों को मुफ्त ओपीडी अप्वाइंटमेंट, जांच और गंभीर रोगियों के लिए निःशुल्क पिक एंड ड्रॉप सुविधा भी दी जा रही है।
एमओयू के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारकों का उपचार सुनिश्चित होगा। उन्होंने बताया कि सरकार की इस पहल से जरूरतमंद मरीजों को सेना क्षेत्र के अस्पतालों की विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि सभी अस्पतालों की प्रक्रियाएं आयुष्मान योजना के अनुरूप ढाली जा रही हैं और उन्हें योजना पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे उपचार, बिलिंग और क्लेम प्रक्रिया पारदर्शी व समयबद्ध हो सके।
यह भी पढ़ें : Iran-Israel War: तेहरान पर हमले के बाद ईरान ने भी इजरायल पर दागीं मिसाइलें, एक साथ 7 देशों पर किया अटैक
