खुलेआम जाम छलकाने वालों के खिलाफ एक्शन में पुलिस, 1025 का कटा चालान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पांचों जोन में 181 स्थानों पर 3477 लोगों की हुई जांच

लखनऊ, अमृत विचार : सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ लखनऊ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के निर्देश पर बुधवार रात 9 बजे से 10 बजे तक एक घंटे का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के निर्देशन में पांचों जोनों के पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान कुल 181 स्थानों पर 3477 लोगों की जांच की गई, जिसमें 1025 लोग नशे में पाए गए और इनके खिलाफ चालान काटा गया।

MUSKAN DIXIT (14)

अभियान के तहत शहर के पार्क, बाजार, चौराहे, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए जाने पर 1025 लोगों के खिलाफ धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि आम नागरिकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शराब के नशे में कुछ लोग राहगीरों, महिलाओं और आमजन को परेशान करते हैं तथा यातायात में बाधा डालते हैं। कार्रवाई के दौरान सभी आरोपितों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।

MUSKAN DIXIT (15)

पूर्वी जोन में सबसे ज्यादा लोगों की जांच

पुलिस अधिकारी के मुताबिक उत्तरी जोन में 22 स्थानों पर 427 लोगों की जांच की गई, जिसमें 100 लोग नशे में पाए गए। सबसे कम संख्या उत्तरी जोन में रही। वहीं पूर्वी जोन में 41 स्थानों पर 940 लोगों की जांच हुई, जिसमें 245 लोग नशे में पाए गए। दक्षिणी जोन में 36 स्थानों पर 526 लोगों की जांच की गई, जिसमें 162 नशे में थे। मध्य जोन के 41 स्थानों में 764 लोग चेक किए गए, जिसमें 255 नशे में पाए गए। पश्चिमी जोन में 41 स्थानों पर जांच के दौरान 263 लोग नशे में पाए गए। सभी के खिलाफ चालान काटकर चेतावनी दी गई और छोड़ा गया।

MUSKAN DIXIT (16)

पुलिस आयुक्त का बयान

आमजन की शिकायतों के दृष्टिगत कमिश्ररेट लखनऊ द्वारा विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। हमारा उद्देश्य शहर में शांति, सुरक्षा एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है। आमजन से अपील है कि कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंगी से दूर रहें।"

अमरेंद्र कुमार सेंगर, पुलिस आयुक्त, लखनऊ

MUSKAN DIXIT (17)

संबंधित समाचार