बदायूं : कैसे लिए जाए नमूने जब घर बैठे खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी महीनों से नहीं आ रहे ड्यूटी, निकल रहा वेतन

बदायूं, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा विभाग के दो अधिकारी महीनों से गायब हैं। जिसकी जानकारी सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय को भी है। इसके बाद भी उनका लगातार वेतन निकल रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के गायब रहने की वजह से मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री करने वालों को भी खुली छूट मिली हुई है। बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थ खुलेआम बिक रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा एवं संरक्षण विभाग में कार्यरत खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र नाथ मिश्रा को तहसील बिल्सी और सीमा यादव को सदर तहसील क्षेत्र मिला हुआ है। बताया जा रहा है। दोनों खाद्य सुरक्षा अधिकारी महीनों से ऑफिस नहीं आ रहे हैं। महीनों से गायब चल रहे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा समय समय पर होने पर विभागीय कार्यवाही में भी भाग नहीं लिया जाता। आवश्यक होने पर इनके स्थान पर अन्य अधिकारियों को भेजा जाता है।  वेतन निकलता रहे, इसके लिए माह में एक बार ऑफिस बुलाकर रजिस्टर पर हस्ताक्षर करा लिए जाते हैं। यह सिलसिला इनकी तैनाती के बाद से लगातार जारी है। सारा खेल सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय की नजरों के सामने हो रहा है। लेकिन कार्रवाई किए जाने के स्थान पर वह अपने अधीनस्थों की कारगुजारी को खुली आंखों से देख रहे हैं। बल्कि महीनों से न आने वाले अधिकारियों की कारगुजारी उच्चाधिकारियों से छुपाकर भी रखी जा रही है। पूछने पर बताया जाता है कि वह ट्रेनिंग पर गए हैं या फिर वीकेंड छुट्टी पर हैं। बताया जा रहा है दोनों अधिकारी नवंबर माह की 24 और 25 तारीख को ऑफिस पहुंचे थे। उसके बाद एक माह बाद लौटे। जिससे उपस्थिति रजिस्टर पर उपस्थिति पूरा करा कर वेतन जारी हो सके। रजिस्टर में पूरे माह की उपस्थित दर्ज करने के बाद यह अधिकारी फिर से गायब हो गए। अब कहा जा रहा है कि दोनों अधिकारियों को लखनऊ ट्रेनिंग को भेजा गया है।

आपस में दंपति है दोनों
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र नाथ मिश्रा और सीमा यादव पति पत्नी हैं। दोनों का निवास स्थान लखनऊ में है। बताया जा रहा है कि कार्यभार ग्रहण करने कुछ दिनों तक दोनों अधिकारी बाजार में सक्रिय रहे। इसके बाद से गायब होने लगे। पहले 15 दिन तक ऑफिस नहीं आते थे, अब पूरे माह ऑफिस नहीं आते हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के गायब होने की वजह से खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले लोगों को भी खुली छूट मिल गई है। खुलेआम इनके क्षेत्र में अद्योमानक खाद्य पदार्थ की बिक्री हो रही है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय नहीं आ रहे हैं। यह बहुत ही गंभीर मामला है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसकी सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय से की जाएगी। उसके बाद कार्रवाई होगी। - अरुण कुमार, एडीएम प्रशासन।

बिल्सी तहसील और सदर तहसील में कार्यरत दोनों खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को लखनऊ ट्रेनिंग पर भेजा गया है। इससे पूर्व यह छुट्टी पर थे। दोनों दंपत्ति हैं। इसलिए एक साथ भेजा गया है। बाजार में विभाग की सक्रियता लगातार बनी हुई है। - सीएल यादव, सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय।

संबंधित समाचार