बदायूं : फसल की रखवाली कर रहे छात्र की गोवंश के हमले में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

गोवंश के हमले में घायल हुआ था छात्र, इलाज के दौरान तोड़ दिया दम

बदायूं, अमृत विचार। शहर से लेकर गांव और सड़कों पर छुट्टा गोवंश का आतंक है। गोशाला होने के बाद भी गोवंश खेतों में चल रहे हैं और सड़क पर बैठे रहते हैं। जो मौत का कारण बन रहे हैं। छुट्टा गोवंश के हमले से लगभग हर महीने किसी न किसी की जान जा रही है। अब फसल की रखवाली कर रहे कक्षा नौ के छात्र की गोवंश के हमले में जान चली गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

थाना अलापुर क्षेत्र के गांव बमनी में छुट्टा गोवंश की वजह से ग्रामीण परेशान हैं। जो खेत पर फसल बर्बाद कर रहे हैं। ग्रामीणों के भगाने पर वह हमलावर हो जाते हैं। गांव निवासी ओमपाल का 15 साल का बेटा राजू कक्षा नौ का छात्र था। गुरुवार रात वह फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर गया था। जहां एक सांड को भगाने के प्रयास के दौरान सांड ने राजू पर हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राजू के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसानों ने सांड को भगाया। राजू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर परिजन खेत पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सक के रेफर करने पर परिजन घायल को अलीगढ़ के राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए थे। जहां इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार एक सांड का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। वह कई ग्रामीणों पर हमला करके घायल कर दे रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। प्रशासन दावा कर रहा है कि हर ग्राम पंचायत में गौशाला बनाकर गोवंश को संरक्षित किया जा रहा है लेकिन सड़क पर घूम रहे गोवंश दावे की पोल खोल रहे हैं। अलापुर के प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कि सांड के हमले में छात्र घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

संबंधित समाचार