Rampur: नवाब स्टेशन की भूमि पर पार्क निर्माण को लेकर 13 जनवरी को सुनवाई
रामपुर, अमृत विचार। अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की 87 वर्षीय बेटी नवाबजादी नाहीद लका बेगम ने सिविल जज न्यायालय में रामपुर नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ वाद दायर किया है। नवाब स्टेशन की भूमि पर पार्क निर्माण को लेकर नगरपालिका के ईओ पर सुप्रीम कोर्ट की अवमानना का आरोप लगाया है, जिसमें 13 जनवरी को सुनवाई होगी। उन्होंने न्यायालय से पालिका द्वारा किए कब्जे को हटाने की मांग की है।
नवाबजादी नाहीद लका बेगम ने सिविल जज के न्यायालय में दाखिल वाद में कहा है कि वो अंतिम शासक नवाब रज़ा अली खां की वारिस हैं। 15 मई 1949 को अंतिम शासक और गवर्नर जनरल ऑफ इंडिया वीपी मेनन के बीच हुए मर्जर एग्रीमेंट के प्राविधानों के तहत नवाब रजा अली खां को अनेक चल और अचल सम्पत्तियां धारित की गईं। अंतिम शासक के वारिसाना में संपत्ति के विभाजन का मुकदमा 1972 से चला। यह विभाजन वाद वर्तमान समय में सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। उक्त वाद में अंतिम आज्ञप्ति 31 जुलाई 2019 को निर्गत हुई है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा बंटवारा तलब संपत्तियों का विवरण तैयार करने हेतु पत्रावली जिला जज रामपुर को भेजी।
इस कार्यवाही में नवाब खानदान की अचल संपत्तियों में एक सम्पत्ति नवाब स्टेशन भी है। इसका क्षेत्रफल 1.898 हेक्टेयर है। उक्त संपत्ति में सभी वारिसान हकदार हैं। उनका कहना है कि नवाब स्टेशन की बाबत जिला जज द्वारा एक कमीशन भी अधिवक्ता कमीशन के माध्यम से कराया गया था, जिसकी आख्या 25 सितंबर 2020 को न्यायालय में प्रस्तुत की गई। उत्तरी दिशा में नवाब स्टेशन की भूमि के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 24 स्थित है।
नवाब स्टेशन और राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि के बीच कोई शासकीय भूमि अथवा नगरपालिका परिषद की कोई भूमि अथवा पार्क नहीं है। उत्तरी ओर नाली और जिसके उपरांत राष्ट्रीय राजमार्ग है। नगर पालिका परिषद रामपुर के अधिशासी अधिकारी द्वारा कथित पार्क के निर्माण में उक्त नाली को भी शामिल कर लिया है, जिससे विवादित संपत्ति का पानी का ड्रेन पूरी तरह से बंद हो गया है। रेलवे के पानी की निकासी भी बंद हुई है। नवाबजादी नाहीद लका बेगम द्वारा वाद दायर किए जाने के बाद सिविल जज (सीनियर डिविजन) की ओर से सभी पक्षकारों को नोटिस जारी किए गए हैं। विभाजन का मुकदमा लड़ रहीं तलत फातिमा हसन समेत कई अन्य पक्षकारों को भी नोटिस मिल गए हैं।
अंतिम शासक की बेटी नवाबजादी नाहीद लका बेगम ने बताया कि नवाब स्टेशन का कुल क्षेत्रफल 16993.23 स्क्वायर यार्ड है, जिसमें से 8390.36 वर्ग भूमि पर नगरपालिका द्वारा जबरिया पार्क का निर्माण कर दिया गया है। उक्त संपत्ति नबाब स्टेशन के स्वरूप को परिवर्तित करके उच्चतम न्यायालय के आदेशों की अवहेलना व अवमानना करने का अक्षम्य कार्य किया गया है।
