Moradabad: कोहरे व हल्के बादलों की ओट में रहा सूरज, दोपहर में दिखा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। घने कोहरे व शीतलहर के चलते शुक्रवार की सुबह कड़ाके की ठंड पड़ी। हल्के बादलों की ओट में सूर्यदेव ने दोपहर में दर्शन दिया। जिसका लोगों ने आनंद लिया। पार्क व घरों की छत व बाहर बैठ कर लोगों ने गुनगुनी धूप सेंकी। गीले कपड़ों को भी सुखाने के लिए फैलाया।

पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड व शीतलहर का क्रम जारी है। शुक्रवार की सुबह भी घना कोहरा व शीतलहर के चलते लोग ठिठुर गए। कड़ाके की ठंड गरीब व बेसहारा लोगों पर भारी पड़ रही है। जनजीवन बेपटरी हो गया है। बेजुबानों पर भी ठंड की मार पड़ रही है। 

इससे राहत पाने के लिए घरों व कार्यस्थलों पर जहां लोग हीटर, ब्लोअर व लकड़ियां जलाकर लोग सेंक रहे हैं। वहीं सड़कों पर ठंड से निढाल लोगों के लिए बस सार्वजनिक अलाव का ही सहारा है। नगर निगम की ओर से चिह्नित स्थानों पर शाम को अलाव जलवाया जा रहा है। लेकिन सुबह की ठंड लोगों को बेदम कर रही है। सार्वजनिक स्थानों पर लोग अपने इंतजाम से आग सेकने का प्रबंध कर रहे हैं।

इलेक्ट्रिक हीटर, ब्लोअर की कीमतें बढ़ी
कड़ाके की ठंड के चलते इलेक्ट्रिक हीटर, ब्लोअर की कीमतें भी काफी बढ़ गई हैं। दुकानदार मौके पर पूरा फायदा उठाकर अपनी झोली भरने में लगे हैं। कंबल, स्वेटर, जैकेट भी इन दिनों ऊंचे दामों पर बिक रहे हैं। जिससे गरीबों के लिए ठंड जुल्म से कम नहीं है। जिला प्रशासन और संस्थाओं की ओर से बांटे गए कंबल ही उनके जान बचाने का माध्यम बन रहे हैं।

गंभीरता से निभाएं जिम्मेदारी
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने नगर निगम व नगर निकायों के अधिकारियों को नियमित रूप से अलाव जलवाने और इसकी मॉनीटरिंग करने का निर्देश दिया। कहा कि ठंड से किसी को भी परेशानी न हो इसका सभी अधिकारी ध्यान कर अपनी जिम्मेदारी गंभीरता और प्रभावी रूप से निभाएं।

संबंधित समाचार