लखनऊ: आरटीओ में अधिकारियों के हस्ताक्षर बनाकर कार्य करा रहे दलाल
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के संभागीय परिवहन कार्यालय में दलालों का बड़ा खेल चल रहा है। यहां पर मौजूद दलाल अधिकारियों के साइन की नकलकर संबंधित काउंटर पर कार्य करा रहे हैं। आरटीओ कार्यालय के कई दलाल इतने सालों से काम कर रहे हैं कि वह अब वहां के अधिकारियों के साइन भी बनाने में …
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के संभागीय परिवहन कार्यालय में दलालों का बड़ा खेल चल रहा है। यहां पर मौजूद दलाल अधिकारियों के साइन की नकलकर संबंधित काउंटर पर कार्य करा रहे हैं।
आरटीओ कार्यालय के कई दलाल इतने सालों से काम कर रहे हैं कि वह अब वहां के अधिकारियों के साइन भी बनाने में पीछे नहीं है और अधिकारियों को पता ही नहीं चलता है। बाबुओं की मिली भगत के चलते उनका यह धंधा खूब फलफूल रहा है।
हालांकि आरटीओ ने निर्देश दिए हैं कि वाहन और लाइसेंस संबंधी कोई भी प्रक्रिया बिना अधिकारियों के जानकारी आगे नहीं पूरी की जाएगी। चोरी के वाहनों के बेचे जाने के बाद यह मामला पिछले महीने सामने आया था। इस मामले में पुलिस के अधिकारी भी आरटीओ कार्यालय के आस-पास के दलालों पर नजर बनाए हुये हैं।
कई अधिकारी भी ले रहे दलालों का सहारा
आरटीओ कार्यालय से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि दलाल अब यहां के आरआई से लेकर आरटीओ तक के दस्तखत की नकल कर काम करवा रहे हैं। अधिकारियों को पता भी नहीं चलता कि और सभी कार्य आसानी से हो जाते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है कि विभागीय अधिकारी भी इन दलालों के सहारे ही अपने सभी काम करवाते हैं। वाहन संबंधी एक आरआई दो प्राइवेट लोगों को अपने साथ रखते हैं और उनके कहने पर ही काम करते हैं। यहां तक विभागीय अधिकारियों और बाबुओं की भी नहीं सुनते। इस मामले को लेकर विभागीय कर्मचारी आक्रोशित हैं। मामला सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है।
एक महिला दलाल ने सीखा है सभी अधिकारियों के साइन करना
एक महिला दलाल ने यहां के सभी अधिकारियों के साइन करने सीख लिए हैं। इस पर आरटीओ ऑफिस के अधिकारियों के साथ ही पुलिस भी नजर बनाए हुए हैं। कई बार इससे पूछताछ भी हो चुकी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस लड़की का एक भाई है जो आए दिन यहां पर आवेदकों से झगड़ा भी करता रहता है। इस मामले की शिकायत भी आरटीओ ऑफिस में बनी चौकी में की जा चुकी है।
लाइसेंस संबंधी कार्यों में हेरफेर करना आसान नहीं है। उसमें आवेदक का आना अनिवार्य है। वाहन संबंधी प्रपत्रों के काम भी देख कर किए जाते हैं। कई चरणों में उनका मिलान होता है। इसके बावजूद हम ऐसे दलालों पर नजर बनाए हुए हैं जो अधिकारियों के साइन कर रहे हैं। कोई भी मामला सामने आते ही इनके खिलाफ सख्त कार्यवाही करेंगे । रामफेर द्विवेदी, आरटीओ प्रशासन, लखनऊ
