उत्तर भारत में बर्फीली ठंड का कहर: इन राज्यों में कोल्ड-डे अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम
दिल्ली। दिल्ली में मंगलवार को बीते तीन वर्ष में जनवरी की सबसे सर्द सुबह रही और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में इससे पहले 16 जनवरी 2023 को सबसे कम 1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार शहर की प्राथमिक वेधशाला सफदरजंग में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम है। पालम में तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है। इसके अलावा रोधी रोड वेधशाला में यह तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। रिज स्टेशन में यह 4.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.7 डिग्री कम) और आयानगर में 3.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम) दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला जाता है तो शीतलहर घोषित की जाती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिल्ली में बुधवार को भी शीतलहर की स्थिति बने रहने का अनुमान है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता बिगड़कर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 337 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप के मुताबिक, 29 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि एक केंद्र में यह ‘गंभीर’ और नौ केंद्रों पर ‘खराब’ श्रेणी में रही। आनंद विहार में सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई।
यहां एक्यूआई 411 रहा, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी, अनेक जगह शीतलहर
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच बीते चौबीस घंटे में अनेक जगह शीतलहर जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार, अभी लोगों को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम केंद्र जयपुर ने मंगलवार की सुबह बताया कि बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा और कहीं कहीं शीतलहर दर्ज की गई।
पूर्वी राजस्थान में कई जगह हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा। इस दौरान न्यूनतम तापमान करौली में 2.0 डिग्री, दौसा में 3.3 डिग्री, गंगानगर में 3.6 डिग्री, फतेहपुर में 4.3 डिग्री, नागौर में 4.4 डिग्री, माउंट आबू में 5.1 डिग्री और पिलानी में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में ज्यादातर जगह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में शीतलहर का दौर अभी जारी रहने का अनुमान है।
पंजाब और हरियाणा में भीषण शीत लहर
पंजाब और हरियाणा मंगलवार को भीषण ठंड की चपेट में रहे और दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले नौ वर्षों में सबसे कम है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ में 11 जनवरी, 2017 को न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस और 24 जनवरी, 2016 को न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज
पंजाब के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां एसबीएस नगर के बल्लोवाल सौंखरी में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.6 डिग्री, तीन डिग्री और 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। फरीदकोट और होशियारपुर भी भीषण ठंड की चपेट में हैं जहां क्रमशः न्यूनतम तापमान दो डिग्री और 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में हिसार और नारनौल में भीषण ठंड का दौर जारी है जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 1.5 डिग्री और 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में सोमवार को न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान दो डिग्री, रोहतक में 3.8 डिग्री, अंबाला में 4.2 डिग्री जबकि फरीदाबाद में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी
झारखंड के कुछ हिस्सों में मंगलवार को शीतलहर की स्थिति बनी रही और 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।
गुमला जिला 2.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा
मौसम विभाग के अनुसार, गुमला राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद खूंटी में यह 4.2 डिग्री सेल्सियस और पलामू जिले के डाल्टनगंज में 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, “क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर ओर लगातार हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण राज्य में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।” उन्होंने बताया कि रांची में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में यह 9.3 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
