UP: संभल हिंसा...न्यायालय में एसपी के हुए बयान, 140 सवालों के दिए जवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जामा मस्जिद सर्वे के दौरान संभल में 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के दौरान भीड़ द्वारा पथराव व फायरिंग से जुड़े मुकदमे में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के बयान सोमवार को जिला न्यायालय में दर्ज किए गए। एडीजे पॉक्सो कोर्ट के न्यायाधीश अवधेश कुमार सिंह की अदालत में एसपी बयान दर्ज कराने के लिए करीब छह घंटे तक अदालत में मौजूद रहे। इस दौरान अभियुक्त पक्ष की ओर से उनसे 140 से अधिक सवाल पूछे गए।

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई जिला न्यायालय परिसर पहुंचे। थाना नखासा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 304/2024 में उनके बयान दर्ज किए गए। अभियुक्तों की ओर से अधिवक्ता जकी अनवर, आफताब हुसैन, कमर हुसैन, जमाल पाशा और मसूद अली फारुखी ने जिरह की। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि हिंसा के दौरान एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और उनके पीआरओ सहित अन्य पुलिस कर्मियों पर फायरिंग की गई थी। 

इस घटना में एसपी के पैर में छर्रे लगे थे। 24 नवंबर 2024 को एसपी के पीआरओ संजीव कुमार की तहरीर पर थाना नखासा में 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 109(1), 121(1), 132, 223 एवं आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 की धारा 7 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले की जांच कर रही एसआईटी अब तक 25 से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें से कई की न्यायालय से जमानत हो चुकी है। 

इसी मामले का ट्रायल अब अदालत में शुरू हुआ है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि संभल हिंसा से जुड़े मुकदमें में वह अपने बयान दर्ज कराने के लिए अदालत के सामने गए थे। न्यायालय में अभियुक्तों के अधिवक्ताओं द्वारा उनसे 140 से अधिक सवाल पूछे गए। उन्होंने 24 नवंबर 2024 को घटनास्थल पर जो कुछ देखा और जो परिस्थितियां रहीं, उनके संबंध में न्यायालय के समक्ष विस्तृत बयान दिए हैं।

संबंधित समाचार