Bareilly : बरेली में कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में मंगलवार को ठंड ने एक बार फिर तेवर दिखाए। सुबह से ही सर्द हवाओं की वजह से निकली धूप से लोगों को राहत नहीं मिली। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण ठंड का असर और अधिक बना रहा। सोमवार रात को न्यूनतम तापमान भारी गिरावट के साथ 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री नीचे रहा।

शहर का अधिकतम तापमान मंगलवार को 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। सुबह के समय वातावरण में नमी का स्तर काफी अधिक रहा। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत के आसार कम ही है। 17 जनवरी तक बरेली में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

 18 और 19 जनवरी को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। इन दिनों आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

 

संबंधित समाचार