वर्ड स्मिथ : कार शब्द

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अंग्रेज़ी भाषा में प्रचलित ‘CAR’ शब्द का पहला उल्लेख लगभग 13वीं सदी के आसपास मिलता है, लेकिन व्यावहारिक रूप से इसे आज के अर्थों में स्वीकार किए जाने में काफी समय लगा। प्रारंभ में यह शब्द किसी आधुनिक वाहन के लिए नहीं, बल्कि सामान्य रूप से पहियों पर चलने वाले साधनों के लिए प्रयोग होता था। समय के साथ परिवहन के साधनों में आए बदलावों ने इसके अर्थ को भी बदल दिया।

इतिहास और भाषाविज्ञान के अनुसार ‘कार’ शब्द की उत्पत्ति लैटिन भाषा के कैरस (Carrus) या कैरम (Carrum) से हुई है, जिसका अर्थ होता है— पहियों वाला वाहन। लैटिन में कैरस का प्रयोग वैगन, चार पहियों वाली मालगाड़ी, कार्टलोड या वैगनलोड के लिए किया जाता था। इससे स्पष्ट होता है कि कार शब्द का मूल अर्थ निजी सवारी नहीं, बल्कि भार वहन और परिवहन से जुड़ा हुआ था। इसी तरह Vehicle (व्हीकल) या हिंदी का ‘वाहन’ शब्द भी लैटिन से ही निकला है। लैटिन शब्द Vehiculum से अंग्रेज़ी का व्हीकल और हिंदी का वाहन बना। इसका मूल अर्थ है— ढोने या ले जाने वाला साधन। इस दृष्टि से वाहन वह माध्यम है, जो किसी व्यक्ति या वस्तु को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाए। मध्ययुगीन काल में कैरस शब्द का प्रयोग वजन की इकाई के रूप में भी होता था। भाषाई विकास के क्रम में इसके लैटिन रूप कैरम और चार्रस भी मिलते हैं। माना जाता है कि कैरस की जड़ें गॉलिश भाषा के कर्रोस और उससे भी पुराने प्रोटो-सेल्टिक कैरोस में हैं, जिनका अर्थ रथ या वैगन था।

अंग्रेजी में प्रयुक्त Cart शब्द का अर्थ घोड़ा-गाड़ी है, हालांकि इसका ‘कार’ से सीधा संबंध स्पष्ट नहीं है। इस प्रकार ‘कार’ शब्द प्राचीन रथों से होते हुए आधुनिक मोटर वाहन तक की लंबी भाषाई और ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाता है।

 

 

 

संबंधित समाचार