रामपुर : सीलिंग के बावजूद संचालित हो रहे थे दो अस्पताल, दोबारा सील
सैफनी, अमृत विचार। नगर में दो अस्पतालों की सील हटाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम को संचालन होता मिला। इस पर तुरंत ही विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों ने दोनों अस्पतालों को सील करा दिया है। इस दौरान अधिकारियों ने एक झोलाछाप के रिजवान क्लीनिक को भी सील कर दिया है।
15 दिन पहले झोलाछाप के नोडल अधिकारी देवेश चौधरी की टीम ने सूचना मिलने पर हिंद हेल्थकेयर और एक अन्य क्लीनिक को बिना रजिस्ट्रेशन के संचालन होने पर दोनों अस्पतालों को सील कर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया कि शुक्रवार को फिर से दोनों अस्पतालों की सील हटाकर संचालन होने की सूचना मिली जिस पर टीम ने जाकर देखा तो कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं थे। सिर्फ स्टॉफ के सहारे ही अस्पताल का संचालन हो रहा था। इसके बाद टीम ने दोनों अस्पतालों को दुबारा सील कर दिया। इसके अलावा क्षेत्र में ही रिजवान क्लीनिक पर भी छापा मारा। टीम को इसका भी रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। मौके पर तीनों अस्पतालों को सील कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से अन्य लोगों में खलबली मची रही। कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ सहायक सुनील दत्त, चतुर्थ श्रेणी मोहम्मद आजम आदि मौजूद रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने कहा कि जनपद में बिना रजिस्ट्रेशन या दस्तावेज के अस्पताल का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। शुक्रवार को भी तीन अस्पतालों पर सीलबंदी की कार्रवाई कर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
