कानपुर : BCA छात्र की मौत पर गुस्साए छात्रों ने की तोड़फोड़, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। पनकी के संचेडी स्थित प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (PSIT) में सोमवार शाम एक भीषण हादसे में BCA फाइनल ईयर के छात्र प्रखर सिंह (21) की मौत हो गई। हादसे के बाद बुधवार सुबह सैकड़ों छात्र भड़क उठे, कॉलेज परिसर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए PAC बुलानी पड़ी, और प्रदर्शन हिंसक होने पर लाठीचार्ज भी किया गया।

जानिए क्या है पूरा मामला

प्रखर सिंह रतनलाल नगर के निवासी थे। सोमवार शाम करीब 5 बजे वे बाइक से कॉलेज के पीछे वाले गेट से बाहर निकल रहे थे। निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके कारण एक तेज रफ्तार कार से धूल का गुबार उठा। आगे दिखाई न देने से उनकी बाइक कैंपस में खड़ी जेसीबी मशीन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रखर गंभीर रूप से घायल हो गए।

साथी छात्रों ने उन्हें पहले कल्याणपुर के बीएमसी अस्पताल ले जाया, जहां से गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। फिर परिवार ने उन्हें सर्वोदय नगर के रीजेंसी अस्पताल पहुंचाया, जहां मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

छात्रों में आक्रोश, किया प्रदर्शन

प्रखर की मौत की खबर फैलते ही बुधवार सुबह छात्र सड़कों पर उतर आए। उनका मुख्य आरोप: कॉलेज प्रबंधन ने निर्माण कार्य के दौरान कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए, जिससे यह हादसा हुआ। छात्रों ने गेट पर तैनात गार्ड्स पर अभद्रता का भी आरोप लगाया। गुस्साए छात्रों ने परिसर में घुसकर टेबल, कुर्सियां, दरवाजे-खिड़कियां तोड़ीं और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। हालात बेकाबू होते देख कॉलेज मैनेजमेंट ने 112 पर कॉल किया। सचेंडी और पनकी पुलिस के साथ PAC तैनात हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए।

कॉलेज प्रबंधन का पक्ष

PSIT के ग्रुप डायरेक्टर प्रो. मनमोहन शुक्ला ने दावा किया कि हादसा कॉलेज कैंपस के अंदर नहीं, बल्कि करीब 200 मीटर बाहर हुआ है। उनका कहना है कि इसका निर्माण कार्य से कोई संबंध नहीं है। मामले में सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। तहरीर मिलने पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार