राम मंदिर में संपूर्ण दर्शन: फरवरी से हर दिन ऑनलाइन बनेंगे 5000 पास, परिसर में जाने की होगी अनुमति
अयोध्या, अमृत विचार। राम जन्मभूमि के संपूर्ण परिसर के विकास का कार्य पूर्ण हो चुका है। ट्रस्ट माह फरवरी से संपूर्ण दर्शन के लिए हर दिन 5000 भक्तों को पास जारी करेगा। जो सुरक्षा कोड युक्त होंगे। जिसके बाद ही परिसर के अलग-अलग स्थान पर जाने की अनुमति होगी। इसके पूर्व मंदिर परिसर के निर्माण संस्था एलएंडटी व टाटा कंसलटेंसी के अधिकारी सभी निर्माण को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को हैंडोवर करेंगे।
श्रीराम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भूतल में विराजमान रामलला, प्रथम तल पर राम दरबार में दर्शन होने के बाद परकोटा कॉरिडोर और उसमें स्थापित भगवान गणेश, हनुमानजी, भगवान सूर्य, माता भगवती, मां अन्नपूर्णा देवी, भगवान शिव के मंदिर में दर्शन प्राप्त के बाहर शेषावतार मंदिर के अलावा महर्षि अगस्त्य, महर्षि बाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि वशिष्ठ, शबरी, निषादराज व अहिल्या देवी के बाद अंत में कुबेर टीला पर कुबेश्वर महादेव, जटायु और अंगद टीला पर गिलहरी की प्रतिमा को देखने का मौका मिलेगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य गोपाल जी राव ने शुक्रवार को बताया कि माह फरवरी से सभी मंदिरों में दर्शन शुरू करने का प्रयास चल रहा है। पहले चरण में ऑनलाइन पास की सुविधा दी जाएगी। जिसमें हर दिन 5000 लोगों से शुरू किया जाएगा। यह प्रयास सफल होने के बाद इसकी संख्या को बढ़ाई जाएगी।
