कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़ देख यात्रियों ने अंदर से लॉक किए दरवाजे, जमकर हुआ हंगामा
कानपुर, अमृत विचार। पुलिस भर्ती के लिए कानपुर आई हजारों की भीड़ देख सेंट्रल स्टेशन पर नेता जी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के यात्रियों ने अंदर के डिब्बा लॉक कर लिया। यात्री दरवाजा पीटते रहे लेकिन अंदर बैठे यात्रियों ने नहीं खोला। गुस्साये यात्रियों ने हंगामा किया और मारपीट की नौबत आ गई।
रविवार को पुलिस भर्ती के दूसरे दिन सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ जमा थी। सबसे ज्यादा प्लेटफार्म नंबर 2,3,4,5,6, व 7 पर परीक्षार्थियों की भीड़ रही। स्टेशन पर भारी भीड़ देख कई ट्रेनों के यात्रियों ने साधारण कोच के डिब्बे को अंदर से लॉक कर लिया। कई ट्रेनों के साधारण व स्लीपर कोच पहले से ही फुल थे।
नीलांचल एक्सप्रेस के एसी कोच में परीक्षार्थियों की भीड़ अंदर दाखिल हो गयी जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गयी। घटना की जानकारी वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक को दी गई तो जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन. पाटीदार की अगुवाई में फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह परीक्षार्थियों को एसी कोच से नीचे उताकर साधारण कोच में बिठाया।
इसी प्रकार कानपुर से प्रतापगढ़ जाने वाली इंटर सिटी एक्सप्रेस, झांसी पैसेंजर, आगरा इंटरसिटी, इटावा पैसेंजर बालामऊ पैसेंजर, रायबरेली पैसेंजर में भारी भीड़ रही। स्थिति ये रही कि रविवार को दिनभर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की टीम जूझती रही। आरपीएफ ने माइक के जरिये यात्रियों को सावधान किया और व्यवस्था संभाली। आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी एसएन. पाटीदार का कहना है कि सभी प्लेटफार्मों पर टीम तैनात है।
