‘मैं आईएफएस अधिकारी हूं’... कहकर करता था धोखाधड़ी, कुशीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविन्द्र नगर थाना पुलिस ने फर्जी आईएफएस अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पवन चौहान निवासी अवरवा, थाना कोतवाली हाटा, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। 

उसके कब्जे से फर्जी पहचान पत्र, आधार कार्ड, निर्वाचन कार्ड, पांच एटीएम कार्ड, तीन मोहर, इंकपैड, डायरी, दो मोबाइल फोन तथा दो प्रोटोकॉल पेपर बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार अभियुक्त फर्जी आईएफएस अधिकारी बनकर विभिन्न सरकारी विभागों में फर्जी पहचान पत्र दिखाता था और ग्रामीण क्षेत्रों के युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था। 

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि अभियुक्त कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर खुद को आईएफएस अधिकारी बताता था और फर्जी प्रोटोकॉल तैयार कर ईमेल के माध्यम से सरकारी कार्यालयों में भेजता था, ताकि उसकी पहचान को वैधता मिल सके। 

इसी आधार पर वह लोगों को नौकरी, प्रमोशन या अन्य सरकारी लाभ दिलाने का लालच देकर ठगी करता था। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।  

संबंधित समाचार