कानपुर : विहिप की बैठक में रामोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा हुई तय, कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं जिम्मेदारियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले रामोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की बैठक रविवार को आयोजित की गई जिसमें नवरात्र के दौरान होने वाले रामोत्सव कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई तथा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

विहिप के प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने बताया कि इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर पूरे नवरात्र प्रांत के सभी जिलों और प्रखंडों में गली-मोहल्लों तक रामोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महानगर स्तर का मुख्य रामोत्सव कार्यक्रम 28 मार्च को सायं चार बजे बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, बेनाझाबर, कानपुर में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं व समाज को संबोधित करेंगे।

विहिप के प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना ने सभी कार्यकर्ताओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से आह्वान किया कि वे रामोत्सव कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इन्हें सफल बनाएं तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

बैठक में विभाग अध्यक्ष नरेश महेश्वरी, विभाग मंत्री गौरांग, विभाग संगठन मंत्री मनीष, गोपाल, बजरंग दल विद्यार्थी कार्य प्रमुख नरेश तोमर, प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख ओमेंद्र अवस्थी, मातृशक्ति संयोजिका तापसी चक्रवर्ती, अर्चना सहित चारों जिलों के अध्यक्ष, मंत्री और संयोजक सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार