प्रयागराज : फर्जी आरपीएफ दरोगा बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जीआरपी थाना पुलिस ने रविवार को फर्जी आरपीएफ दरोगा बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरपीएफ निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेंद्र कुमार तथा आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उसे प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक से गिरफ्तार किया। 

पूछताछ में गिरफ्तार युवक दिव्यांशु कुमार (22) ने बताया कि उसके घरवाले उस पर नौकरी करने का दबाव बना रहे थे। नौकरी न मिलने के कारण वह रेलगाड़ियों में मुफ्त यात्रा करने और परिवार को संतुष्ट करने के लिए आरपीएफ दरोगा की वर्दी पहनकर घूमने लगा। उसने आरपीएफ उपनिरीक्षक की वर्दी देखकर वैसी ही खाकी वर्दी सिलवाई और उससे संबंधित सामान खरीद लिया। 

आरोपी पिछले लगभग तीन महीने से वर्दी पहनकर बिना टिकट रेल यात्रा कर रहा था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक दिव्यांशु कुमार जनपद गाजीपुर के बरेसर थाना क्षेत्र के रेंगा गांव का निवासी है। उसकी तलाशी में पहनी हुई वर्दी, उस पर लगे सितारे, बैज, मोनोग्राम, बेल्ट, नीली डोरी, लाल रंग के जूते और खाकी मोजे बरामद किए गए हैं।

इसके अलावा उसके पास से 650 रुपये नकद, आधार पत्र और एटीएम पत्र भी मिला है। जीआरपी थाना प्रयागराज में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार