बाराबंकी : गुरुद्वारा चुनाव में भूपेंद्र सिंह पैनल की ऐतिहासिक जीत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार : शहर के लाजपत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के चुनाव में भूपेंद्र सिंह पैनल ने शानदार जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही गुरुद्वारा परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। विजयी उम्मीदवारों ने गुरु घर में माथा टेककर अरदास की और गुरुद्वारे की सेवा, मर्यादा व विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

चुनाव में कुल 497 मत पड़े। अध्यक्ष पद पर सरदार भूपेंद्र सिंह को 283 मत प्राप्त हुए, जिससे उन्होंने निर्णायक जीत हासिल की। सचिव पद पर सरदार हरपाल सिंह विजयी घोषित किए गए, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर हरप्रीत सिंह को 259 मत मिले और उन्होंने भी जीत दर्ज की।

परिणाम सामने आते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। गुरुद्वारा परिसर में ढोल-नगाड़ों की थाप पर समर्थक झूमते और नाचते नजर आए। विजेता पैनल के सदस्यों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया और कई स्थानों पर पटाखे छोड़कर खुशी जाहिर की गई। देर तक पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बना रहा।

विजेता पैनल के सदस्य चरनजीत सिंह व मनमीत सिंह ने कहा कि वे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की मर्यादा और सेवा परंपरा को कायम रखते हुए विकास कार्यों को नई गति देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं, समर्थकों और संगत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरी संगत के विश्वास, एकता और सेवा भावना की जीत है।

संबंधित समाचार