Bareilly : सर्द हवाओं ने कम की धूप की तपिश, ठंड से राहत नहीं, दिन में गिरावट मगर रात को चढ़ेगा पारा
बरेली, अमृत विचार। जिले में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दोपहर बाद हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिली। दिनभर सर्द हवाओं की वजह से गलन बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान गुरुवार से बढ़ोतरी के बाद 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम रहा।
न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री नीचे है। गुरुवार रात से आया घना कोहरे का असर शुक्रवार सुबह तक और बढ़ गया। कोहरे से सड़कों पर 50 मीटर तक दृश्यता होने के कारण चालकों को वाहन धीमी गति से चलना पड़ा, जबकि रेलवे और सड़क परिवहन पर भी कोहरे का असर दिखा।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार आगे दो से तीन दिन घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस बीच दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। बादल छाए रहेंगे। वहीं 22 जनवरी को बारिश होने की संभावना है। बर्फीली हवाओं के चलते गुरुवार का दिन सबसे ठंडा रहा था।
