Bareilly : यूपी बार कौंसिल चुनाव...दो दिनों में 72.63 फीसदी वोट पड़े
विधि संवाददाता, बरेली। बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के चुनाव के प्रथम चरण के तहत शनिवार को दूसरे दिन 1387 वोट पड़े। शुक्रवार को 1220 अधिवक्ताओं ने मतदान किया था। जनपद न्यायालय स्थित सभागार में मतदान हुआ।
मतदान के दो दिनों में 3589 मतदाताओं में से 2607 तकरीबन 72.63 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने मतदान किया। कौंसिल सदस्य पद के लिए 333 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जिनमें से 25 सदस्यों का चुनाव होना है। बार कौंसिल का चुनाव 31 जनवरी तक चार चरणों में होना है। प्रथम चरण में बरेली में मतदान सम्पन्न हो गया।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित हाईपॉवर कमेटी के दिशा-निर्देशन में शनिवार को जनपद न्यायालय में अपर सत्र न्यायाधीश अविनाश कुमार सिंह व अपर सत्र न्यायाधीश/जिला विधिक प्राधिकरण सचिव उमाशंकर कहार की निगरानी में चुनाव सम्पन्न हुआ।
जनपद न्यायालय के सभी गेटों के बाहर, कचहरी परिसर में प्रत्याशियों के एजेंट तख्ती, बैनर, पंपलेट के जरिये मतदाताओं से अपने अपने प्रत्याशियों के हक में मतदान की अपील करते नजर आये। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी न्यायालय परिसर में तैनात रहा।
