बाराबंकी क्राइम न्यूज : मासूम को जमीन पर पटका, विवाहिता व बच्चों को पीटा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट, जान से मारने की धमकी और जानलेवा हमले की घटनाओं में सात लोग घायल हो गए। एक बालिका को शराबी युवक ने जमीन पर पटक दिया तो सास व देवर ने मिलकर विवाहिता व बच्चों से मारपीट की। कोतवाली असन्द्रा क्षेत्र के नयापुरवा मजरे कस्बा निवासी मनोज रावत ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी की शाम उनकी 4 वर्षीय पुत्री दरवाजे पर खेल रही थी।

आरोप है कि गांव का एक युवक शराब के नशे में आया और बच्ची को उठाकर पटक दिया, जिससे उसके माथे पर गंभीर चोटें आईं। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे से मारपीट की। कोतवाली देवा क्षेत्र के बबुरिहा मजरे कोटवाकला निवासी संजय कुमार ने शिकायत में बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री खेत से घर लौट रही थी। आरोप है कि गांव के एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों व डंडे से मारपीट की।

कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के डडियामऊ निवासी अम्बुज चौधरी ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने एकराय होकर उन पर धारदार हथियार व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गंभीर धमकियां दीं। फतेहपुर कस्बे के कटघरा गांव की दो महिलाओं ने आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने जबरन नाली का पानी उनके खेत में काट दिया, जिससे फसल को नुकसान हुआ।

विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िताओं ने चिकित्सीय परीक्षण कराया है। सतरिख थाना क्षेत्र के भनौली गांव निवासी एक महिला ने घर में अकेला होने के समय पड़ोसियों पर गाली-गलौज, लाठी-डंडों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सेवढ़ा मजरे दुल्हदेपुर गांव की एक महिला ने अपनी सास और देवर पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।

मनपसंद गाने को लेकर भिड़े जनाती बराती, चार घायल  

सूरतगंज : डीजे पर मनपसंद गाने को लेकर जनाती और बरातियों के बीच में हुई कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। वैवाहिक स्थल अखाड़ा बन गया। इस घटना में दोनों पक्षों से चार युवक घायल हुए है। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में विवाह की की रस्में पूरी की गईं।

जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के आल्हेमऊ निवासी विलास गौतम ने अपनी बेटी राधा की शादी इसी थाना क्षेत्र के पुरैना मजरे बरैय्या गांव के निवासी शिवराम के बेटे दीपू गौतम के साथ तय की थी। तय तारीख के अनुसार मंगलवार को बारात आल्हेमऊ पहुंची। जहां डीजे पर मनपसंद गाने को लेकर वर और कन्या पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी।

देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। लाठी डंडे से हुई मारपीट में कन्या पक्ष के धर्मराज, संदीप और अंशू चोटिल हुए, जबकि वर पक्ष से दूल्हे के चचेरे भाई कुलदीप को चोटे आई है। सूचना पर पहुंची यूपी 112 और स्थानीय पुलिस ने समझा बुझाकर कर शादी का कार्यक्रम संपन्न कराया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चोटिल युवकों को घर भेज दिया गया है। कोतवाल आशुतोष मिश्रा ने बताया कि गाने को लेकर विवाद हुआ, पीआरवी गई थी। मामला शांत करवा कर शादी कार्यक्रम संपन्न करवा दिया गया। दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज