कन्नौज जेल से भागे बंदी को पुलिस ने 14वें दिन मुठभेड़ के बाद पकड़ा, पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस बरामद
गुरसहायगंज/कन्नौज, अमृत विचार। जिला कारागार से दीवार फांदकर फरार हुए दो बंदियों में से एक को पुलिस ने 14वें दिन मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके पास से पुलिस ने 315 बोर का देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। फरार बंदियों पर एसपी की ओर से 25-25 हजार का इनाम घोषित था जबकि डीआईजी रेंज की ओर से यह रकम 50-50 हजार कर दी गई थी।
घटनाक्रम के अनुसार रविवार की सुबह करीब 07 बजे कोतवाली क्षेत्र की चौकी मझपुर्वा के मुरादगंज क्रॉसिंग से तिर्वा रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित कब्रिस्तान तारा बगिया के पास पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इससे एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम डंपी उर्फ शिवा पुत्र भजन लाल, निवासी मालिगवां ठठिया बताया। यह भी सामने आया कि वह अन्य बंदी अंकित के साथ 04जनवरी को जिला जेल की दीवार फांदकर फरार हुआ था। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटना की जानकारी ली और फरार बंदी को पकड़ने वाली एसओजी टीम प्रभारी जेपी शर्मा, कोतवाल अजय कुमार अवस्थी, अतिरिक्त निरीक्षक सीपी तिवारी, मझपुर्वा चौकी प्रभारी विनोद कश्यप की सराहना की। बताया कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की बात भी कही है।
दूसरी बंदी पकड़ से दूर, दोनों हैं इनामी
गुरसहायगंज। जेल से कंबल की रस्सी के सहारे फरार हुआ दूसरा बंदी अंकित, निवासी ग्राम हजारीपुरवा, थाना तालग्राम, अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने डंपी उर्फ शिवा पुत्र भजन लाल, निवासी मालिगवां ठठिया को पकड़ लिया है। प्रशासन की ओर से फरार दोनों बंदियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
