Bareilly : 208 लीटर सरसों तेल व 30 किलो रंगीन कचरी सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। होली त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी जारी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षत गोयल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के गठित दल ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करके खाद्य पदार्थों के 13 नमूने भरे। साहू ट्रेडर्स पर 30 किलोग्राम रंगीन कचरी, मूल्य 1350 रुपये एवं 208.4 किग्रा सरसों के तेल, मूल्य 27092 को सीज कर दिया। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि चौधरी डेरी एंड कंफैक्शनरी करगैना से पनीर का एक नमूना, गुज्जर डेरी एंड स्वीट्स करगैना से खोया का एक नमूना, साहू ट्रेडर्स बाजार करगैना से रंगीन कचरी एवं सरसों तेल का एक-एक नमूना भरा। श्री हरि स्वीट्स गंज त्रिपोलिया आंवला से छेना मिठाई एवं खोया बर्फी का एक-एक नमूना, राज स्वीट्स गंज त्रिपोलिया से बेसन के लड्डू का एक, एनडी इंटरनेशनल शहदाना से सरसों का तेल एवं रिफाइंड पामोलीन ऑयल का एक-एक नमूना भरा। 

आशुतोष इंटरप्राइजेज रामपुर गार्डन से सरसों का तेल, ड्राई फ्रूट गुजिया एवं पनीर (अमूल ब्रांड) का एक-एक नमूना भरा। इसके साथ ही शिकायत के आधार पर किला स्थित मीट की दुकान का शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति में निरीक्षण किया, कुछ कमियां मिलीं। आईजीआरएस पर शिकायत के आधार पर अजन्ता स्वीट्स सुभाषनगर से आलू पेटीज का एक नमूना भरा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि संग्रहित नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेज दिए हैं। आमजन मानस को सुरक्षित खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिकी रोकने को अभियान जारी रहेगा।

संबंधित समाचार