Bareilly: 30 बच्चों वाले बयान पर भड़के शहाबुद्दीन, धीरेंद्र शास्त्री को दी शादी करने की सलाह
बरेली, अमृत विचार। अपने बयानों के लिए अक्सर विवादों में रहने वाले मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बांगेश्वर धाम वाले बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री को लेकर कहा कि धीरेंद्र शास्त्री हमेशा मुसलमानों को निशाना बनाते हैं, ज्यादा बच्चे पैदा करने पर मुसलमानों को टारगेट करने वाले धीरेंद्र शास्त्री को पहले खुद शादी कर लेना चाहिए।
आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री हमेशा मुसलमानों को निशाना बनाते हैं, मुसलमानो को टारगेट करते हुए वह कहते हैं कि "चच्चा के 30 बच्चे होते हैं तुम लोग भी ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करो।" मौलाना ने कहा कि बच्चे होना खुदा की नेअमत (आशीर्वाद) हैं। जिनके बच्चे पैदा नहीं होते हैं उनका दर्द और दुःख उन्हीं से पूछना चाहिए। जिसके बच्चे पैदा नहीं होते वो दर-दर भटकता है, धर्म स्थलों का चक्कर लगाता है, सूफी-संतो के दरबार में हाजिरी तक देता है।
मौलाना ने आगे कहा कि मै पंडित धीरेंद्र शास्त्री का सम्मान करते हैं, क्योंकि वह एक धर्म गुरू हैं। मगर धीरेंद्र शास्त्री को यही सलाह है कि वो खुद भी शादी कर लें, ताकि उनको एहसास हो जाए कि बच्चों की परवरिश और उनकी शिक्षा किस तरह की जाती है।
मौलाना पंडित धीरेंद्र शास्त्री को चैलेंज करते हुए कहा कि वह मुसलमानों के 30-30 बच्चे होने की बात कह रहे हैं, पूरे भारत में सिर्फ एक मुसलमान दिखा दे जिसके 30 बच्चे हैं, वो हरगिज नहीं दिखा सकते। पूरे भारत मे करोड़ों मुसलमान है मगर किसी मुसलमान के 30-30 बच्चे नही है, 6-7 बच्चे तक बात को माना जा सकता है, 30-30 बच्चों वाली कहना यह बहुसंख्यक समुदाय को उकसाने और भड़काने वाली बात है।
