बाराबंकी : पूजा करने निकला युवक लापता, हिन्दू संगठन के नेता पर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली नगर क्षेत्र में तीन दिन पहले पूजा करने निकला एक युवक अचानक गायब हो गया। परिजनों ने हिन्दू संगठन के नेता पर अपहरण करने की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। परिजनों के मुताबिक ग्राम मंझपुरवा में शिव विहार कॉलोनी प्रेम सिंह यादव पुत्र स्वर्गीय कालिका सिंह 16 जनवरी की शाम शुगर मिल बाजार स्थित एक मंदिर में पूजा करने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग सका।

पत्नी मंजू सिंह ने पुलिस को बताया कि 9 जनवरी को मोहल्ले के ही कुलदीप मिश्रा व रमाशंकर मिश्रा तथा सत्या पंडित निवासी ढकौली से सहन की भूमि को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान इन लोगों ने प्रेम सिंह यादव, उनके बेटे शिव सिंह यादव और भतीजे चंद्रेश कुमार यादव को जान से मारने की धमकी दी थी। कुलदीप मिश्रा द्वारा नौ दिनों के भीतर सभी को 'उठवा देने' की धमकी भी दी गई थी।

परिजनों का कहना है कि आरोपी खुद को एक हिंदू संगठन से जुड़ा राष्ट्रीय पदाधिकारी व भाजपा नेता बताते हैं, जिससे गांव में भय का माहौल है। परिवार को आशंका है कि इन्हीं लोगों द्वारा प्रेम सिंह यादव का अपहरण किया गया है। शहर काेतवाल सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत मिली है, प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार