पार्टी को नई ऊर्जा व दिशा देंगे नितिन नबीन : BJP अध्यक्ष बनने पर सीएम योगी ने दीं शुभकामनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नितिन नबीन के कुशल नेतृत्व, समृद्ध संगठनात्मक अनुभव और दूरदर्शी सोच से भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा और नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त करेगी। मुख्यमंत्री योगी ने यह भी आशा व्यक्त की कि नितिन नबीन का मार्गदर्शन उत्तर प्रदेश को निरंतर मिलता रहेगा, जिससे राज्य में संगठन और सरकार दोनों को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर भी बधाई संदेश साझा करते हुए लिखा है कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में नितिन नबीन अंत्योदय के पथ पर चलते हुए अपनी निष्ठा और समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। साथ ही, वे पार्टी के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं में 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। योगी आदित्यनाथ ने नितिन नबीन के सफल और प्रेरणादायी कार्यकाल के लिए अनंत शुभकामनाएं दीं। 

संबंधित समाचार