नोएडा के करीब 20 स्कूलों को ई-मेल से मिली धमकी: पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, चला सघन जांच अभियान 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला में शुक्रवार को शिव नादर स्कूल सहित लगभग 20 स्कूलों को बम से उड़ाने धमकी मिली है। यह धमकी स्कूलों को ई-मेल के जरिये मिली जिससे स्कूलों में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें एक विदेशी ई-मेल भी शामिल बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गौतमबुद्धनगर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा के तीन जोन की पुलिस ने तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित स्कूलों और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। 

शुक्रवार के दिन विद्यालयों को प्राप्त बम के धमकी की सूचना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई, उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में स्थानीय पुलिस बल, बॉम्ब स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, खोजी स्वान, एएस चेक टीम और बीडीडीएस टीम को मौके पर तैनात किया गया। जांच के दौरान किसी भी स्कूल परिसर या आसपास के क्षेत्र में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। 

सभी स्थानों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई है। सुरक्षा मानकों और तय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए स्कूलों में कक्षाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं। वहीं, धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच और स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। इस संबंध में साइबर पुलिस थाने में धारा 353/351(3)/351(4) भारतीय न्याय संहिता एवं सूचना प्राैद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। 

पुलिस मामले की हर कड़ी की गंभीरता से जांच कर रही है। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को लेकर पहले से ही अलर्ट पर चल रही पुलिस भीड़-भाड़ वाले स्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार जांच और निगरानी कर रही है। सभी उच्चाधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। 

पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति और संयम बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा को लेकर वह पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। 

ये भी पढ़ें :
वसंत पंचमी स्नान आज...  रामनगरी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अलर्ट पर NDRF-SDRF

संबंधित समाचार