बाराबंकी : दहेज के लिए विवाहिता को दिया तीन तलाक, ढाई साल पहले हुई थी शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जहागीराबाद थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को तीन तलाक बोल दिया। शादी करीब ढाई साल पहले ही हुई थी, पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जानकारी के अनुसार जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मझपुरवा निवासी तहसीन की शादी 11 मई 2023 को मोहम्मद अहमद पुत्र गुलाम दस्तगीर निवासी ग्राम बसारा थाना फतेहपुर से हुई थी।

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसके पति एक दुर्घटना में घायल हो गए, जिनका इलाज उसके पिता ने अपने खर्चे पर कराया। इसके बाद पति को रोज़गार के लिए सऊदी अरब भेजने हेतु दो लाख रुपये नकद भी दिए गए। पति ने आश्वासन दिया था कि विदेश से लौटने के बाद पीड़िता को रुखसत कराकर ससुराल ले जाएगा।

सऊदी अरब जाने के बाद पति ने फोन पर दहेज में मोटरसाइकिल और 50 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी और दहेज न मिलने पर रुखसत कराने से इनकार कर दिया। पीड़िता के परिजनों ने ससुराल पक्ष से बात की तो टालमटोल किया गया।

आरोप है कि 21 दिसंबर 2025 को ससुराल पक्ष के कई लोग पीड़िता के मायके पहुंचे, जहां दहेज की मांग को लेकर विवाद हुआ। पिता द्वारा असमर्थता जताने पर विपक्षियों ने मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने अपने पति से फोन पर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन पति ने फोन पर ही अवैधानिक रूप से तीन तलाक दे दिया।

संबंधित समाचार