रामपुर : रामपुर-शाहबाद मार्ग पर अवैध कालोनियों पर गरजी जेसीबी
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई
रामपुर, अमृत विचार। रामपुर-शाहबाद मार्ग पर विकसित की जा रही अवैध कालोनियों के खिलाफ शुक्रवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत नीरज रस्तोगी ने बताया कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में जिला पंचायत व प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि कार्यवाही के दौरान सर्वप्रथम महक ग्रीन फार्म के नाम से सौरभ मित्तल द्वारा जिला पंचायत रामपुर से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद गठित टीम द्वारा ग्राम नदना में लेखराज निवासी ग्राम नदना द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई। नरखेड़ा क्षेत्र में सदाकत हुसैन द्वारा विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। ग्राम फैजुल्लानगर में लेखराज द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को हटाया गया। ग्राम ढकुरिया में स्थित शाहबाद गार्डन की अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई। ककरौआ में इसरार बेग द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। ग्राम नदना में जब्बार निवासी पटवाई द्वारा जिला पंचायत से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी ध्वस्तीकरण कराया गया। उन्होंने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई गठित टीम, उपजिलाधिकारी शाहबाद व थानाध्यक्ष पटवाई के सहयोग से कराई गई। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि अवैध कॉलोनियों एवं व्यवसायिक भवनों, जिनका मानचित्र जिला पंचायत से स्वीकृत नहीं कराया गया है, उनके खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जनता से भू-खंड क्रय-विक्रय अथवा निर्माण से पूर्व जिला पंचायत से मानचित्र स्वीकृति कराने की अपील की।
