Bareilly : सुबह छाए बादल तो दोपहर में खिली धूप, सूर्य देव के फिर बादलों की ओट में जाने से बढ़ी ठंडक
बरेली, अमृत विचार। जिले में बुधवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, मगर दोपहर में धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, मगर सूर्य देव फिर बादलों की ओट में चले गए। मौसम फिर सर्द हो गया और ठंडक बढ़ गई। जिले का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं खुले इलाकों में हल्की नमी के साथ ठंड का असर ज्यादा दिखा। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर है, इसलिए आसमान साफ रहने के आसार हैं।
बारिश के बाद बनी नमी और बादलों की आवाजाही के कारण दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंडक का असर बना रहेगा। जबकि दिन में धूप निकलने पर तापमान में हल्का उछाल देखने को मिलेगा। बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
