Stock market closed: लगातार दूसरे दिन चढ़े शेयर बाजार, IT कंपनियों में बड़ी गिरावट 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की घोषणा के बाद घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गयी, हालांकि आईटी सेक्टर की कंपनियों में बड़ी गिरावट रही। बीएसई का सेंसेक्स 78.56 अंक (0.09 प्रतिशत) चढ़कर 83,817.69 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 48.45 अंक यानी 0.19 प्रतिशत ऊपर 25,776 अंक पर पहुंच गया। यह दोनों सूचकांकों का 12 जनवरी के बाद का उच्चतम स्तर है। 

इस बीच, आईटी कंपनियों में भारी दबाव रहा जिसके कारण सुबह प्रमुख सूचकांकों में गिरावट थी और एक समय सेंसेक्स 600 अंक से अधिक टूट गया था। अमेरिकी शेयर बाजारों में सूचीबद्ध भारतीय आईटी कंपनियों के शेयर सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। बताया जा रहा है कि एक ऐसे एआई टूल के विकास की खबर आने के बाद ये कंपनियां दबाव में आ गयीं जो दस्तावेजों की समीक्षा और आंकड़ों के विश्लेषण का काम कर सकती हैं। 

ज्यादातर कंपनियां वर्तमान में ये काम भारतीय कंपनियों से आउटसोर्स करवाती हैं। उसी का असर आज बाजार खुलते ही दिखा। सेंसेक्स में आईटी कंपनियों में ही सबसे अधिक गिरावट रही। इंफोसिस का शेयर सात प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। टीसीएस में भी लगभग सात फीसदी की गिरावट रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर चार प्रतिशत से अधिक टूटे। तीस कंपनियों वाले संवेदी सूचकांक में इटरनल का शेयर पांच प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। 

ट्रेंट का शेयर पांच प्रतिशत के करीब चढ़ा। एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स और पावरग्रिड में दो से ढाई प्रतिशत की तेजी रही। मारुति सुजुकी, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, टाटा स्टील, आईटीसी और एशियन पेंट्स के शेयर एक से दो प्रतिशत तक की बढ़त में बंद हुए। एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर भी हरे निशान में रहे। 

एक्सिस बैंक का शेयर एक प्रतिशत से अधिक टूटा। कोटक महिंद्रा बैंक भी गिरावट में बंद हुआ। मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.65 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.27 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। निफ्टी आईटी सूचकांक करीब छह प्रतिशत लुढ़क गया। फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में भी गिरावट रही। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, ऑटो, धातु, रियलिटी, मीडिया, बैंकिंग और रसायन सेक्टरों के सूचकांक तेजी में रहे। 

ये भी पढ़ें :
Stock market closed: भारत-US ट्रेड डील से शेयर बाजार में जश्न, 2,073 अंक उछला सेंसेक्स 

संबंधित समाचार