अखिलेश ने UGC के नए कानून पर SC की रोक को सराहा, कहा- कानून की भाषा साफ होनी चाहिए और भाव भी
लखनऊ, अमृत विचार : यूजीसी के नये कानून पर सुप्रीम कोर्ट के फिलहाल रोक लगाने के फैसले को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने काफी सराहा है। उन्होंने कहा है कि सच्चा न्याय किसी के साथ अन्याय नहीं होता है, न्यायालय यही सुनिश्चित करता है। कानून की भाषा भी साफ होनी चाहिए और भाव भी। बात सिर्फ नियम नहीं, नीयत की भी होती है। न किसी का उत्पीड़न हो, न किसी के साथ अन्याय न किसी पर जुल्म-ज्यादती हो, न किसी के साथ नाइंसाफी।
सपा प्रमुख ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि देश में संविधान है, तमाम कानून हैं, इसके बाद भी समय-समय पर भेदभाव और अन्याय होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में दोषी न बचें और निर्दोष के साथ अन्याय न हो। अखिलेश यादव ने कहा कि 2012 में भी यूजीसी के रेगुलेशन आये थे। उसमें क्या कमी रही, विश्वविद्यालयों में क्या-क्या व्यवहार हुए थे। 2012 के रेगुलेशन से क्या सीखा। संविधान कहता है कि कहीं भेदभाव न हो।
