योगी कैबिनेट का फैसला: गोरखपुर में 721.40 करोड़ की सीवरेज परियोजना को मिली मंजूरी, 1.95 लाख से अधिक आबादी को मिलेगी सुविधा
लखनऊ, अमृत विचार: अटल नवीकरण और शहरी रूपान्तरण मिशन–2.0 (अमृत–2.0) के अंतर्गत गोरखपुर में सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बड़ी परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। गुरुवार को मंत्रिपरिषद ने नगर निगम क्षेत्र के सीवरेज जोन–ए–3 से संबंधित ₹721.40 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति दी। परियोजना के पूर्ण होने पर 17 वार्डों की 1.95 लाख से अधिक आबादी को सीवेज सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा। स्वीकृत लागत में जीएसटी और सेंटेज की राशि शामिल है।
इस परियोजना की कुल अनुमोदित लागत ₹721.40 करोड़ है, जिसमें ₹27.28 करोड़ सेंटेज शामिल हैं। लागत साझा व्यवस्था के तहत भारत सरकार का अंश ₹231.35 करोड़, राज्य सरकार का अंश ₹435.00 करोड़ तथा निकाय का अंश ₹27.76 करोड़ तय किया गया है। सेंटेज की पूरी राशि राज्य सरकार वहन करेगी। केंद्र, राज्य और निकाय की संयुक्त भागीदारी से परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन को गति मिलेगी।
योजना के तहत 43,604 गृह संयोजनों से जुड़े सीवेज का शोधित निस्तारण किया जाएगा, जिससे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहरी जीवन स्तर में सुधार होगा।
