साली के सामने पति ने किया मजाक, आहत होकर पत्नी ने लगाया फंदा
इंदिरानगर के तकरोही इलाके की घटना
लखनऊ, अमृत विचार: इंदिरानगर के तकरोही में बुधवार को पति ने साली के सामने पत्नी से मजाक किया। पति के मजाक से आहत होकर पत्नी ने कमरा बंदकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन की लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि परिवार ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
सआदतगंज के लकड़मंडी निवासी तनु सिंह (23) ने चार साल पहले तकरोही के रहने वाले राहुल श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। वह मॉडलिंग सीख रही थीं। राहुल ऑटो चालक है। राहुल ने बताया कि तीन दिन पहले वह सीतापुर में साढू अनिल के बेटे की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए पत्नी तनु, बड़ी साली अंजली व उसके बेटे अभय के साथ गया था। पार्टी के बाद वह मंगलवार को परिवार, साली व उसके बेटे को लेकर वापस घर लौट आया था। बुधवार को घर में राहुल, तनु, अंजली और अभय कमरे में बैठकर हंसी मजाक कर रहे थे।
इसी दौरान राहुल और तनु किसी बात को लेकर एक दूसरे का मजाक उड़ाने लगे। बातचीत में तनु को मजाक बुरा लग गया। तनु वहां से उठकर दूसरे कमरे में चली गई। राहुल भी खाना लाने के लिए बाहर चले गए। खाना लाने के बाद राहुल ने अंजली से तनु को बुलाकर लाने के लिए कहा। अंजली बहन को बुलाने के लिए दूसरे कमरे में गई तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी तनु ने दरवाजा नहीं खोला। अंजली ने खिड़की से भीतर झांककर देखा तो तनु फंदे से लटकी मिली। बहन को फंदे पर देखकर अंजली की चीख निकल गई। शोर सुनकर राहुल और आस पड़ोस के लोग वहां पहुंच गए। दरवाजा तोड़कर राहुल ने स्थानीय लोगों की मदद से तनु को फंदे से नीचे उतारकर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
